टोल प्रशासन ने रोक दी सैकड़ों ग्रामीणों की सड़क
ग्रामीणों को टोल टैक्स से होकर निकलने को किया जा रहा विवश दर्जनों गांव के सैकड़ों ग्रामीण करते हैं उक्त सड़क से आवागमन।
संवाद सहयोगी, टूंडला: टोल प्लाजा पर टैक्स की दरें बढ़ते ही टोल प्रशासन ने गांवों के रास्ते रोक दिए। टोल को बचाते हुए निकलने वाले वाहनों को रोकने के लिए की गई इस कार्रवाई से बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। उन्हें मजबूरी में टोल प्लाजा से होकर भुगतान देकर गुजरना पड़ता है। किसानों ने आक्रोश जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
गुरुवार से टोल टैक्स के रेट बढ़कर दो गुने हो गए हैं। फीरोजाबाद से आगरा की तरफ जाने और आगरा से वापस आने वाली सड़क के किनारे बसे गांवों के लिए पक्की सड़कें बनी हैं। आपस में जुड़े गांवों से टोल पार हो जाता है। ग्रामीण इसी रास्ते से अपने वाहनों से आते-जाते थे। टैक्स बढ़ने के बाद टोल प्रशासन ने शुक्रवार तड़के सीमेंट के बढ़े-बढ़े ब्रेकर गांव के रास्तों पर रखवा दिए हैं। इससे ग्रामीणों के वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। मजबूरी में गांव वालों को टोल देकर गुजरने को विवश होना पड़ रहा है। इस तरह मार्ग बंद करने को लेकर पूर्व में भी ग्रामीण टोल पर हंगामा कर चुके हैं। नगला सिघी निवासी शरद उपाध्याय का कहना है कि टोल प्रबंधन गुंडई कर रहा है। यदि जल्द ही सड़क से अवरोधक नहीं हटाए गए तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। इस मार्ग से बाघई, चंडिका, नगलासिघी, कुर्रा, नियामतपुर, घुरुकुआ, बनकट, टीकरी, लतीफपुर, धीरपुरा, एलई, गढ़ी धर्मी आदि समेत दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन रहता है। टोल मैनेजर संदीप सिंह का कहना है कि हमने कोई अवरोधक नहीं रखवाए हैं। गांव वालों ने अपने आप रख लिए होंगे।