नगर निगम में लगी सुशासन की दीवार, दर्ज होगा काम का ब्यौरा
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। नगर निगम के वार्ड में होने वाले काम का लागत सहित ब्योरा अब सुशासन की दीवार पर दर्ज किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय जनता को उनके वार्ड में होने वाले विकास कार्यो की जानकारी होगी।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नगर निगम के वार्ड में होने वाले काम का लागत सहित ब्योरा अब शहरवासी पता कर सकेंगे। प्रभारी नगर आयुक्त डीएम नेहा शर्मा की पहल पर निगम में सुशासन की दीवार लगाई गई है। यहां विकास संबंधी ब्यौरा दर्ज किया जाएगा।
नगर निगम में निर्माण कार्य के ठेकों को लेकर कई बार हंगामे हो चुके हैं। पार्षद भी कई बार गंभीर आरोप लगाते रहते हैं। निगम कब, कहां, क्या काम करा रहा है और कितनी लागत है, की जानकारी आमजन तो क्या पार्षदों और अधिकारियों को भी नहीं होती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए निगम कार्यालय में सुशासन की दीवार बनवाई गई है। ये दूर से ही हर किसी को नजर आएगी। इस पर वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा लिखा जाएगा।
मंगलवार सुबह नगर विधायक मनीष असीजा और डीएम ने इसका उद्घाटन किया। डीएम ने बताया कि दीवार से निगम के कार्यों में पारदर्शिता आएगी। शिकायतों के लिए रखवाई पेटिका
प्रभारी नगर आयुक्त डीएम नेहा शर्मा ने निगम में आने वाले फरियादियों की शिकायतों के निदान की ओर भी कदम बढ़ाए हैं। निगम में शिकायत पेटिका रखवाई है, इसमें लोग शिकायती एवं सुझाव संबंधी पत्र डाल सकते हैं।