युगांडा में फीरोजाबाद की ऐश्वर्या ने उठाई महिलाओं की आवाज
एक एवं दो अगस्त को कंपाला के युगांडा में संपन्न इंटरनेशनल ग्लोबल पीस कमेटी की बैठक में फीरोजाबाद की एश्वर्या ने महिलाओं की आवाज उठाई। इस दौरान उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं उन्होंने स्वलिखित पुस्तक भी भेंट की।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: एक एवं दो अगस्त को कंपाला युगांडा में संपन्न इंटरनेशनल ग्लोबल पीस कांफ्रेंस में भाग लेकर फीरोजाबाद की बेटी ऐश्वर्या चतुर्वेदी ने फीरोजाबाद का मान बढ़ाया। दिल्ली सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट में वकालत कर रही ऐश्वर्या ने यहां पर महिलाओं एवं बच्चों की स्थिति पर प्रकाश डाला। उनकी वक्तव्य शैली से प्रभावित होकर उन्हें ग्लोबल पीस वूमेन लीडरशिप की राजदूत बनाया गया है।
नैतिक और नवीन सोच वाला नेतृत्व: 'स्थायी शांति और विकास के नए मॉडल तथा महिलाओं के नेतृत्व में शांति और विकास के लिए की जा रही पहल' विषय पर ऐश्वर्या ने यहां बोलते हुए वंचित वर्ग के बच्चों की स्थिति को रखा। विश्वभर में महिलाओं व बच्चों को जिन हालातों का सामना करना पड़ता है, उसे बताया। उनके भाषण एवं महिलाओं तथा बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए ग्लोबल पीस फाउंडेशन के सचिव द्वारा ग्लोबल पीस वूमेन लीडरशिप का राजदूत नियुक्त किया है। वह भारत चेप्टर का नेतृत्व करेंगी। कांफ्रेंस में अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका, एशिया आदि महाद्वीपों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कांफ्रेंस में ऐश्वर्या ने अपनी हस्तलिखित पुस्तक द अनहर्ड प्रेडिकमेंट.. की प्रति युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी, युगांडा संसद की स्पीकर रिबेका अलीटवाला कडागा, कीनिया एवं सूडान की राजदूत सहित अन्य को भेंट की। ऐश्वर्या फीरोजाबाद के पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी-रजनी चतुर्वेदी की पौत्री हैं। उनके पिता कांग्रेस नेता अतुल चतुर्वेदी प्रमुख निर्यातक हैं। प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा सेंट जांस कॉलेज फीरोजाबाद से हुई है।