माता के जयकारों से गूंज रहे मंदिर, घर-आंगन
छठवें दिन हुआ माता कात्यायनी का पूजन सुबह से ही देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: शारदीय नवरात्र के छठवें दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के छठे स्वरूप माता कात्यायनी की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान घर और मंदिर जयकारों से गूंज उठे।
गुरुवार सुबह होते ही देवी भक्तों ने अपने-अपने घरों पर श्रद्धा भाव से माता रानी की पूजा अर्चना की। देवी पूजन में महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूजा अर्चना के बाद कन्याओं को प्रसाद वितरित किया। इसके बाद देवी मंदिरों में भी माता रानी के दर्शन करने का सिलसिला शुरू हो गया। नगर के प्रमुख राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर पर सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। कोरोना के चलते श्रद्धालु अपने चेहरे पर मास्क लगाकर माता रानी की पूजा और दर्शन करने के लिए पहुंचे। पुलिस कर्मी और मंदिर कमेटी के पदाधिकारी उन्हें सामाजिक दूरी का पालन कराते रहे। इसी प्रकार उसायनी स्थित वैष्णो देवी धाम पर भी दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर मनौतियां मांगी। भक्तों को थर्मल स्क्रीनिग करने के बाद मंदिर में प्रवेश करने दिया गया। अन्य देवी मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।