मासूम की मौत में नगर निगम अफसरों पर मुकदमा
मंगलवार रात शहर में या वारिस मैरिज होम के नजदीक मैनहोल में गिरकर मासूम की मौत हो गई। इस घटना पर बुधवार को पार्षदों आदि ने हंगामा किया। तहरीर पर नगर निगम अफसरों और ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी। इधर, निगम ने ठेकेदार को काली सूची में डालने के निर्देश दिए हैं।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: बीती रात या वारिस मैरिज होम के नजदीक मैनहोल में गिरकर मासूम की मौत ने झकझोर डाला। सुबह नगर निगम में कांग्रेसियों और पार्षदों ने प्रदर्शन कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पिता की तहरीर पर थाना रसूलपुर पुलिस ने नगर निगम के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सिरसागंज से पिता के साथ बरात में चल रहा तीन साल का यूनिस मैरिज होम के पास खुले मैनहोल में गिर गया था। काफी मशक्कत कर तीन मैनहोल बाद उसे निकाला। उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने हंगामा करते हुए पहले जाम लगाने की कोशिश की। रात लगभग 10.30 बजे नगर विधायक मनीष असीजा थाने पहुंचे। वहां पिता ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। साथ ही बच्चे का शव लेकर चले गए। सुबह परिजन शव लेकर पुलिस के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पीएम के बाद शव लेकर लौट गए।
इधर, नगर निगम में लाला राइन के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पार्षदों ने भी नारेबाजी की। उनका कहना था कि ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करते हुए कार्रवाई की जाए। अफसरों के खिलाफ मुकदमा लिख पीड़ित परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शन में पार्षद रेखा यादव, देशदीपक यादव, मुहम्मद इसरार, रानी बेगम, मुनेंद्र यादव आदि शामिल रहे।
अधिकारियों के साथ खुलेगा ठेकेदार का नाम भी: रसूलपुर थाने के विवेचक मुहम्मद यूसुफ का कहना है कि विवेचना के दौरान नगर निगम के अफसरों के साथ ही ठेकेदार का नाम भी खोला जाएगा। तहरीर में किसी का नाम नहीं है। विवेचना शुरू कर दी गई है।