शिकोहाबाद में सड़क किनारे मिला था आगरा की विवाहिता का शव
मायके में रहकर कर रही थी एलएलबी परिवार वालों ने की शिनाख्त नाक से खून बहता मिला था सिर के पीछे था चोट का निशान।
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: पिछले बुधवार को मैनपुरी रोड स्थित मांड़ई पेट्रोल पंप के पास मिले महिला के शव की शिनाख्त आगरा के ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली पूजा राजपूत के रूप में हुई। वह चार महीने से मायके में रहकर मैनपुरी के कालेज में एलएलबी द्वितीय साल की पढ़ाई कर रही थी। दबरई स्थित जनपद न्यायालय में भी वह एक अधिवक्ता के साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण लेती थी।
बुधवार सुबह लगभग आठ बजे 30 वर्षीय महिला का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई थी। उसके नाक से खून बह रहा था, सिर के पीछे के हिस्से में चोट का निशान मिला था। शुक्रवार सुबह शिकोहाबाद के न्यू ओमनगर निवासी संध्या ने शव की शिनाख्त पूजा पत्नी जितेंद्र सिंह राजपूत निवासी उखर्रा ताजगंज आगरा के रूप में की। मृतका की बहन संध्या ने बताया कि पूजा की शादी 12 साल पहले जितेंद्र सिंह के साथ हुई थी। चार महीने से मायके में पांच साल के बेटे बंकू के साथ रहती थी। मैनपुरी के कालेज से एलएलबी की पढ़ाई करती थी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तोमर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत का कारण पता चलेगा। अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की तहरीर मिली है।
- सात दिसंबर को मामा के घर मैनपुरी गई थी
बड़ी बहन संध्या ने बताया कि पूजा सात दिसंबर को मामा रामप्रकाश के घर तखरऊ, बेवर मैनपुरी गई थी। राम प्रकाश ने आठ दिसंबर की दोपहर ढाई बजे उसे घर भेजने के लिए बस में बैठाया था। उसके बाद से वह शिकोहाबाद नहीं पहुंची थी। पूजा का मोबाइल भी गायब है।