श्रीराम मंदिर निधि संग्रह को निकाली शोभायात्रा
ग्रामीण क्षेत्रों में शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत जसराना में आरएसएस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाल दिखाया जोश
जेएनएन, फीरोजाबाद: अयोध्या में श्रीराम मंदिर जन्मभूमि निर्माण निधि संग्रह अभियान के तहत गुरुवार को टूंडला के नगला बीच में शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं जसराना में भी आरएसएस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली।
शोभायात्रा का शुभारंभ करते हुए विभाग अभियान प्रमुख योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जीवन के साथ राम मंदिर भी जरूरी है। जिस प्रकार विचारों के बिना मानव नहीं, उसी प्रकार राम सेवा के बिना जीवन नहीं है। पूर्व बृज क्षेत्र मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू न होने तक हम सभी को तन, मन व धन से मंदिर निर्माण में सहयोग करना होगा। शुक्रवार से निधि संग्रह अभियान शुरू होगा। जिनको धन संग्रह की जिम्मेदारी दी गई है, वह आपके दरवाजे तक आएंगे और दान लेने के बाद आपको रसीद भी उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में मंडल अध्यक्ष विनोद पाल, हरेश गुप्ता, सनी गुप्ता, अनंत प्रताप सिंह, धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मोहित गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, हरीशचन्द्र आदि शामिल रहे। - जसराना में आरएसएस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाल दिखाया जोश: श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आरएसएस कार्यकर्ताओं ने कस्बे में जनजागरण पदयात्रा निकाली। इस दौरान कस्बों में जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कार्यवाह यदुवंश पलिया व विधायक रामगोपाल लोधी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली रामलीला ग्राउंड, मुख्य बाजार, शीशपुरी, मुहल्ला टीकतपुरा, घिरोर रोड से मुस्तफाबाद रोड होते हुए अनोखे लाल की धर्मशाला पर संपन्न हुई। रैली में शामिल युवा कार्यकर्ता जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली में जिलाध्यक्ष मानवेंद्र लोधी, नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, विशेष यादव, डा.उम्मेद सिंह लोधी, अशोक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी आदि शामिल रहे।