आरएसएस कार्यकर्ता घरों से शुरू करेंगे पर्यावरण संरक्षण की पहल
आरएसएस कार्यकर्ता घरों से शुरू करेंगे पर्यावरण संरक्षण की पहल
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: आरएसएस की पर्यावरण गतिविधि के निर्देशन में संघ से जुड़े कार्यकर्ता विश्व पर्यावरण दिवस पर वातावरण शुद्धि के लिए घरों में यज्ञ करेंगे। इसके साथ ही घरों को पर्यावरण हितैषी बनाने के उद्देश्य से जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा, पॉलिथीन का उपयोग कम करने एवं कचरा प्रबंधन करने की पहल शुरू होगी। इसी के आधार पर घरों को फाइव स्टार रेटिग की जाएगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चंद्रनगर विभाग पर्यावरण प्रमुख सौरभ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं से सुबह अपने घरों में यज्ञ करने का आह्वान किया है। जिसके उपरांत विश्व शांति के लिए शांति पाठ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए घरों को पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से पांच बिदुओं के अनुसार घरों में बदलाव किए जाएंगे। जिसके तहत जल बचाने के प्रयास, घरों में अधिकतम पौधे लगाने, पॉलिथीन का प्रयोग कम करने, पॉलिथीन खुले में ना फेंकने, पक्षियों को नियमित दाना,पानी और निराश्रित पशुओं को चारा खिलाने की पहल की जाएगी। कार्यकर्ताओं घरों में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सेल्फी लेकर संघ के सोशल मीडिया प्रभारी को भेजें। एक सप्ताह बाद निरीक्षण कर पर्यावरण अनुकूल बदलाव करने वाले कार्यकर्ताओं के घरों का निरीक्षण कर फाइव स्टार रेटिग दी जाएगी।