भैया दूज आज, रोडवेज बसों के बढ़ाए फेरे
भैया दूज का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर महिलाएं खासी उत्साहित हैं। भाइयों को तिलक लगाने के लिए वे सुबह से ही निकल पड़ेंगीं। उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए रोडवेज ने पूरी क्षमता से बसें चलाने का फैसला लिया।
जेएनएन, शिकोहाबाद: भैया दूज का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर महिलाएं खासी उत्साहित हैं। भाइयों को तिलक लगाने के लिए वे सुबह से ही निकल पड़ेंगीं। उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए रोडवेज ने पूरी क्षमता से बसें चलाने का फैसला लिया।
पंचदिवसीय दीपोत्सव का आखिरी पर्व भैया दूज के रूप में मनाया जाता है। इसमें बहनें भाइयों के माथे पर तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। इस त्योहार पर यमुना में स्नान का भी महत्व है। इसलिए जिले के यमुना घाटों पर सोमवार की सुबह से बहन, भाईयों की भीड़ पहुंचेगी। कोरोना काल में पैसेंजर ट्रेनें बंद होने के कारण छोटे- छोटे स्टेशनों के साथ ही आगरा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद जाने के लिए बसें ही एकमात्र विकल्प हैं।
इसलिए रोडवेज ने अपनी तैयारी कर ली है। एआरएम शिकोहाबाद राघवेंद्र सिंह ने बताया कि भैया दूज पर डिपो की सभी 82 बसों को चलाया जाएगा। व्यस्त मार्गाें पर फेरे बढ़ाए गए हैं। एटा, आगरा, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद आदि मार्गों पर ऐसा किया जाएगा।
जेल में भाइयों से मिलने नहीं जा सकेंगी बहनें:
कोरोना के चलते इस बार बहनें जेल में बंद अपने भाईयों को तिलक नहीं कर सकेंगे। जेल अधीक्षक एमए खान ने बताया कि कोरोना काल की शुरूआत से ही बंदियों से मुलाकात बंद है। इसलिए भैया दूज पर पहले की तरह कार्यक्रम नहीं हो सकेगा। 14 नवंबर की शाम तक 21 बहनों ने तिलक का सामान भेज दिया था, उसे सैनिटाइज करने के बाद उनके भाइयों को दे दिया जाएगा। जेल में पांच बहनें और उनके भाई बंद हैं। उन्हें तिलक करने का मौका दिया जाएगा।