आंधी संग बरसात, होर्डिंग उड़े, टूटे पेड़
फीरोजाबाद : रात नौ बजे के बाद बदला मौसम, टूंडला में बरसात, कई छप्पर और टीनशेड उड़े।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : बुधवार देर रात को मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं से राहों पर भी खलबली मच गई। बरसात के साथ में आई आंधी से कई होर्डिंग्स टूट गए। पेड़ गिरने से कई जगह पर राहें बंद हो गई। वहीं विद्युत पोल टूटने से जिले भर की आपूर्ति लड़खड़ा गई। शिकोहाबाद एवं सिरसागंज में भी तेज आंधी से उन किसानों की नींद उड़ गई, जिनके खेत में फसल पड़ी हुई थी।
दिन में तेज धूप के बाद बुधवार रात को मौसम फिर से खराब हो गया। रात साढ़े आठ बजे तेज हवाएं चलना शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में आंधी में बदल गई। शहर की सड़कों पर खोमचे एवं ठेल लगाने वाले आंधी आते ही भाग खड़े हुए। रात सवा नौ बजे करीब तेज बरसात शुरू हो गई। जिले भर में आंधी एवं बरसात से लोग परेशान हो गए। इधर गांवों में कई जगह पेड़ टूट गए तो घरों पर पड़े हुए छप्पर भी उड़ गए। इधर खेतों में पड़ी फसल की ¨चता में कई किसान खेतों की तरफ दौड़ पड़े। आंधी एवं बरसात से टूंडला के साथ फीरोजाबाद में कई जगह होर्डिंग उखड़ गए। टूंडला में कई होर्डिंग उड़ कर सर्विस रोड एवं हाईवे पर गिर पड़े। इधर कई जगह पर पेड़ गिरने की भी खबर है। देहात क्षेत्र में आंधी से कई जगह विद्युत पोल टूटने से जिले की विद्युतापूर्ति लड़खड़ा गई। हालांकि विभाग द्वारा पहले ही शट डाउन करने से विद्युत संबंधी हादसा होने से बच गया। शहर में भी कई घरों पर पड़े हुए टिनशेड उड़ गए तो उद्योगपति भी परेशान हो गए। पिछली बार आई आंधी में लाखों का नुकसान झेल चुके कई उद्योगपति फैक्ट्री में कर्मचारियों को सावधानी बरतने की हिदायत देते नजर आए।
थम गए वाहन, राहगीर परेशान :
आंधी एवं बरसात के कारण राहों पर वाहन भी थम गए। टूंडला में सर्वाधिक असर दिखा। कई जीप, मैजिक एवं बस हादसों से बचने के लिए राह में ही रुक गई। इधर दोपहिया वाहन चालक आंधी एवं बरसात से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए। ऐसे में महिलाओं के साथ सफर कर रहे बाइक सवार खासे परेशान रहे।