गार्वेज फ्री सिटी बनेगी सुहागनगरी, कवायद तेज
फाइव स्टार रेटिग के लिए ननि ने आनलाइन किया आवेदन केंद्र सरकार द्वारा नामित कंपनी परखेगी स्वच्छता के इंतजाम।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में फास्टेस्ट मूवर्स सिटी का खिताब हासिल करने के बाद नगर निगम प्रशासन सुहागनगरी को गार्वेज फ्री सिटी (कूड़ा मुक्त शहर) बनाने की दिशा में जुट गया है। इसके लिए शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नाइट स्वीपिग, कूड़ा निस्तारण की दिशा में हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पूरे शहर को स्वच्छ बनाने व स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने पर नगर निगम प्रशासन का विशेष जोर है। वर्तमान में नगर निगम ने शहर गार्वेज फ्री सिटी बनाने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए फाइव स्टार रेटिग की दावेदारी करते हुए आनलाइन आवेदन किया गया है। केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी मंत्रालय द्वारा नामित कंपनी इक्यूविया द्वारा नगर निगम की दावेदारी का पैरामीटर के हिसाब से स्वच्छता के इंतजाम परखे जाएंगे। इसमें डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सेग्रीगेशन, ट्रांसपोर्टेशन, प्रोसेसिग, सार्वजनिक स्थल व बाजारों की सफाई व्यवस्था व तालाबों की स्थिति देखी जाएगी। सर्वे के आधार पर नगर निगम को वन स्टार, थ्री स्टार अथवा फाइव स्टार तक रेटिंग दी जाएगी। यही रेटिग तय करेगी कि नगर निगम कितने स्टार तक गार्वेज फ्री सिटी बना है। -दस करोड़ से खरीदे जा रहे हैं नए वाहन: शहर से हर रोज निकलने वाले 200 मीट्रिक टन कूड़ा के सौ फीसद उठान के लिए नगर निगम द्वारा दस करोड़ के बजट से नए वाहन खरीदे जा रहे हैं। जेम पोर्टल के माध्यम से वाहन खरीद की प्रक्रिया तेज से चल रही है। अभी तक वाहनों की कमी से सड़कों से देरी से कूड़ा उठ पा रहा है। पार्षद सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
- ओडीएफ प्लस का प्रमाण पत्र हासिल करने के बाद नगर निगम ने गार्वेज फ्री सिटी के लिए दावेदारी कर दी है। इसमें फाइव स्टार तक रेटिग के लिए आवेदन कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा नामित कंपनी शहर में जल्द सर्वे करने आएगी।
- विजय कुमार नगरायुक्त