नलकूप ऑपरेटर ने भाजपा पार्षद को पीटा
रसूलपुर क्षेत्र में रात भर नलकूप चलाने की शिकायत लेकर पहुंचे भाजपा के पार्षद अजय गुप्ता की ऑपरेटर ने अपने साथियों को बुलाकर पिटाई कर दी। घटना को लेकर पार्षदों में आक्रोश पैदा हो गया। सभी थाने पहुंचे, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश तेज कर दी है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : रसूलपुर क्षेत्र में रात भर नलकूप चलाने की शिकायत लेकर पहुंचे भाजपा पार्षद की ऑपरेटर ने पिटाई कर दी। इससे मुहल्ले में तनाव पैदा हो गया। पुलिस एवं अन्य पार्षद मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने सोने की जंजीर लूटने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आया।
वार्ड नंबर 50 नया रसूलपुर से भाजपा के अजय कुमार गुप्ता पार्षद हैं। विगत कई दिनों से नलकूप खराब था। उन्होंने नगर निगम में शिकायत कर नलकूप को ठीक कराया। ऑपरेटर बंटी यादव ने शनिवार को पूरी रात नलकूप चलाया। सुबह छह बजे पार्षद नलकूप पर पहुंचे। ऑपरेटर नलकूप पर नहीं था, घर पहुंचे तो वहां भी नहीं मिला। वह वापस नलकूप पर आ गए। कुछ देर बाद ऑपरेटर अपने भाई, भतीजे और दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गया। पार्षद ने उससे कहा टाइम टेबल से नलकूप चलाओ, ताकि हर घर में पानी पहुंच सके। इस बात पर ऑपरेटर से नोकझोंक हो गई। ऑपरेटर और उसके साथी पार्षद से भिड़ गए और मारपीट कर दी। शोर गुल होते देख भीड़ एकत्रित हो गई। पार्षद की पिटाई के बाद में ऑपरेटर भाग गया। मौके पर पुलिस एवं अन्य पार्षद भी पहुंच गए। पार्षद के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, लोकेश गुप्ता एवं अन्य भाजपा नेता भी थाने पहुंच गए। पार्षद ने मारपीट के दौरान जंजीर लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ¨सह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।