रात में गुल हुई जिला मुख्यालय की बत्ती, दौड़ कर्मचारी
रात में गुल हुई जिला मुख्यालय की बत्ती दौड़ कर्मचारी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: भीषण गर्मी में आम जनता के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार की देर रात अचानक मुख्यालय की बत्ती गुल हो गई, जिससे अधिकारी, कर्मचारियों की नींद उड़ गई। सिटी मजिस्ट्रेट की सूचना पर विद्युत विभाग की टीम फॉल्ट खोजने दौड़ी।
सुहागनगरी में तापमान बढ़ने के साथ बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए उपभोक्ता एसी व कूलर का अधिक प्रयोग कर रहे हैं, जिससे विद्युत उपकरणों पर लोड़ बढ़ रहा है। शुक्रवार को दोपहर में ओवरलोड के चलते लेबर कॉलोनी, रामनगर व कन्हैया नगर की आसफाबाद 220 केवी विद्युत सबस्टेशन से सप्लाई काट दी गई, जिससे भीषण गर्मी में लोग घंटों परेशान रहे। रात एक बजे दबरई विद्युत सबस्टेशन की लाइन पर फॉल्ट हो गया, जिससे जिला मुख्यालय की बत्ती गुल हो गई। रात में बिजली गायब होने से अधिकारी, कर्मचारियों की नींद उड़ गई। सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन किया। सिटी मजिस्ट्रेट की सूचना पर अवर अभियंता रामयज्ञ टीम के साथ क्षेत्र में दौड़े। टीम ने एक घंटे में फॉल्ट ठीक कराकर सप्लाई चालू कराई। शनिवार को शहर में बिजली का संकट रहा। गणेश नगर में पेड़ टहनी टूटकर लाइन पर गिर पड़ी, जिससे सप्लाई बाधित रही। सुहाग नगर, हिमायूंपुर, करबला, भीमनगर, महावीर नगर में भी लोगों बिजली संकट का सामना करना पड़ा।