उपचुनाव के अनुभव से सीख लेने का पाठ पढ़ा गए उपमुख्यमंत्री
टूंडला(फीरोजाबाद) संस टूंडला विस सीट के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों का जमकर हौसला बढ़ाया। समन्वय समिति के साथ बैठक में पूर्व के उपचुनावों के अनुभव से सबक लेने का पाठ पढ़ाया तो बूथ और सेक्टर अध्यक्षों से संवाद कर चुनाव में जुटने का संदेश दिया।
टूंडला,(फीरोजाबाद) संस: टूंडला विस सीट के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों का जमकर हौसला बढ़ाया। समन्वय समिति के साथ बैठक में पूर्व के उपचुनावों के अनुभव से सबक लेने का पाठ पढ़ाया तो बूथ और सेक्टर अध्यक्षों से संवाद कर चुनाव में जुटने का संदेश दिया।
गुरुवार दोपहर दो बजे हेलीकॉप्टर से जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र सिंह मोती सिंह के साथ टूंडला पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैनीवाल गार्डन के बंद कमरे में समन्वय समिति के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में अलग तरह की चुनौती होती है। इसमें वोटर घर से कम निकलते हैं। पार्टी को उपचुनावों में कटु अनुभव का सामना करना पड़ा था। ऐसे में हमें घर-घर जाना होगा। उन्होंने टूंडला विस के समीकरण भी जाने। इसके बाद बूथ और सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में कहा कि इस पार्टी में कोई नेता नहीं है सभी कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता में हनुमानजी जैसे शक्ति होती है, बस उसे याद दिलाना पड़ती है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं कहा कि पुरानी सरकारों ने गांवों को मुख्य मार्गो से दूर रखा, यही कारण रहा कि जनता ने उन्हें सत्ता से दूर कर दिया। हमने ढाई साल में हर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ा है। फीरोजाबाद-जलेसर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरु हो जाएगा। जनता को इसका जल्द ही लाभ मिलने लगेगा। इसके साथ उन्होंने सौ में साठ हमारा, बाकी सब तुम्हारा के नारे लगवाए। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने की। सांसद डॉ.चंद्रसेन जादौन, आगरा सांसद प्रो.एसपी सिंह बघेल, बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बीएल वर्मा, प्रभारी नागेंद्र दुबे गामा मौजूद रहे। संचालन दीपक चौधरी ने किया।