गंगाजल की झील पर रहेगा पहरा
फीरोजाबाद जासं शहर में गंगाजल की आपूर्ति के रिजर्व स्टॉक के लिए तैयार झील पर सख्त पहरा होगा। इसके लिए सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही चारों तरफ कंटीले तारों की फेसिंग लगवाई जाएगी।
फीरोजाबाद, जासं: शहर में गंगाजल की आपूर्ति के रिजर्व स्टॉक के लिए तैयार झील पर सख्त पहरा होगा। इसके लिए सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही चारों तरफ कंटीले तारों की फेसिंग लगवाई जाएगी।
सुहागनगरी में पेयजल आपूर्ति के लिए जेड़ाझाल नहर से गंगाजल आता है। नहर में सिल्ट व घास जमा होने पर अक्सर शहर में गंगाजल का संकट गहरा जाता है। इस समस्या के स्थाई निदान के लिए जल निगम द्वारा नंदपुर में 21 हेक्टेयर जमीन पर विशाल झील तैयार कराई गई है। सोमवार से झील को गंगाजल से भरना भी शुरू हो गया है। झील भरने के लिए सिचाई विभाग द्वारा हर रोज 50-55 क्यूसेक अतिरिक्त पानी दिया जा रहा है। माह के अंत तक झील भरकर तैयार हो जाएगी। जेड़ाझाल नहर में एक अक्टूबर से पानी बंद होने की स्थिति में 15-20 दिन तक पूरे शहर को निरंतर गंगाजल की सप्लाई दी जाएगी। जल निगम द्वारा झील की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एक्सईएन राकेश कुमार का कहना है कि यहां पूर्व सैनिक विकास निगम की ओर से 24 घंटे के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। झील के आसपास चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके साथ चारों ओर कंटीले तारों की फेसिंग भी कराई जाएगी, जिससे कोई अनजान व्यक्ति झील के अंदर प्रवेश न कर सके। यदि झील के अंदर कोई व्यक्ति प्रवेश करते हुए पकड़ा जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।