सपा में बंधक हैं मुलायम, माया का नहीं भरोसा: शिवपाल
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। फीरोजाबाद से सांसद भतीजे अक्षय यादव के सामने चुनाव लड़ने का एलान शिवपाल ने मंगलवार को कर दिया। उन्होंने कहा मुलायम सिंह सपा में बंधक हैं और माया पर भरोसा नहीं है। भाजपा को हटाने के लिए कांग्रेस सेकुलर दलों से गठबंधन करे। इस दौरान उन्होंने सपा पर जमकर प्रहार किए।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। फीरोजाबाद से सांसद भतीजे अक्षय यादव के सामने चुनाव लड़ने का एलान कर चुके प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर सपा पर हमला बोला।
शादी समारोह में मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित एक मैरिज होम में आए शिवपाल ¨सह यादव ने कहा कि मुलायम ¨सह सपा में बंधक हैं, उनका लगातार अपमान हो रहा है। नेताजी को मनमाफिक काम नहीं करने दिया जा रहा है। उनके चारों तरफ पहरा है। उन्होंने नेताजी के लिए मैनपुरी की सीट छोड़ रखी है, वे चाहते हैं कि नेताजी उनकी पार्टी से चुनाव लड़ें। गठबंधन पर बोले कि मायावती का कोई भरोसा नहीं। जब वे राखी का रिश्ता बनाकर भाजपा के सहयोग से सरकार बनाने के बाद भाजपा से ही मुंह मोड़ गईं तो अब भी बदल सकती हैं।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में संगठन तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हटाने के लिए कांग्रेस को सेक्युलर दलों को एकजुट करने की पहल करनी चाहिए। वे भी इस गठबंधन में शामिल होने को तैयार हैं। फीरोजाबाद से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ने का पूरा मन बना चुका हूं। पूरी तरह से एलान तीन फरवरी को शिकोहाबाद की रैली में किया जाएगा।
वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष अजीम भाई, पूर्व मंत्री देवेंद्र गुप्ता, सपा विधायक हरिओम यादव, विजय प्रताप छोटू, मीना राजपूत आदि मौजूद रहे।