बाल दिवस के बाद मिशन शक्ति का शुरू होगा दूसरा चरण
- 21 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान तैयार की पांच थीम महिला एवं बाल अधिकारों के प्रति लोगों को करेंगे जागरूक।
फीरोजाबाद, जासं: मिशन शक्ति का दूसरा चरण बाल दिवस 14 नवंबर के बाद शुरू होगा। 21 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के लिए पांच थीम तैयार की गई हैं। इनके जरिए लोगों को विभिन्न मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा।
सरकार की मंशा है कि महिलाओं के साथ होने वाली हिसा और बाल अपराधों पर अंकुश लगाया जाए। इसलिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में स्कूल-कालेजों में आनलाइन कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अब 14 नवंबर के बाद दूसरा चरण शुरू होगा। इस अभियान के तहत ब्लाक, ग्राम पंचायत और आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिनमें लोगों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल विवाह एवं कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिसा के प्रति जागरूक किया जाएगा। करीब 180 दिन तक चलने वाले इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ बाल अधिकार एवं बाल श्रम कराने की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इस अभियान को संचालित करने की जिम्मेदारी महिला कल्याण व बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित कई विभागों को सौंपी गई है।