प्रेमी की मदद से पति का घोट दिया था गला, गिरफ्तार
-शनिवार को कर दी थी हत्या गुरुवार को मिला था शव -मृतक के बड़े भाई ने दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद (फीरोजाबाद): गुरुवार को यमुना नदी में किसान का शव मिला था। मृतक के बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताई थी। शुक्रवार को पुलिस ने इसका राजफाश कर दिया। पत्नी ने प्रेमी की मदद से पति का गला घोट दिया था। पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस को उसके प्रेमी की तलाश है। इसके लिए जगह-जगह दविश दी जा रही है।
नसीरपुर के बिजनपुर निवासी किसान रामलाल उर्फ डब्बल (45) शनिवार की दोपहर में गायब हो गए थे। रामलाल की पत्नी प्रेमवती ने रविवार को भांजे छोटे लाल को इसकी सूचना दी। बताया कि वे आधार कार्ड और पासबुक लेकर बड़े भाई राजेंद्र के घर गए थे। छोटे लाल ने रामलाल के घर पहुंचकर अलमारी खंगाली तो आधार कार्ड और पासबुक मिल गई। इसके बाद प्रेमवती पर शक गहरा गया। गुरुवार को यमुना नदी में शव मिला। स्वजन ने इसकी शिनाख्त रामलाल के रूप में की। शव बरामद होने के बाद मृतक के भाई राजेंद्र ने प्रेमवती और उसके प्रेमी नंदराम निवासी विजयपुर, कछपुरा के खिलाफ तहरीर दी। काबिलेगौर है कि प्रेमवती आठ बच्चों की मां है। जबकि उसके प्रेमी नंदराम के तीन बच्चे हैं। पत्नी ने कुबूला गुनाह
इंस्पेक्टर प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि प्रेमवती ने पूछताछ में बताया कि छह फरवरी को वह नंदराम के साथ खेत पर थी। उसी समय पति पहुंच गया। पति ने नंदराम पर कुल्हाड़ी से हमला किया, मगर वो बच गया। इसके बाद हम दोनों ने मिलकर पति का गला घोट दिया। शव को नाव पर रखकर यमुना नदी में फेंक दिया था।