नहीं निकली धूप, उमस ने किया बेहाल
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत लगी,
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत लगी, लेकिन दोपहर में उमस ने हाल बेहाल कर दिया। शुक्रवार को शहरवासी उमस के चलते पसीना-पसीना रहे। दोपहर में कूलर की हवा भी राहत नहीं दे सकी।
शुक्रवार को छिटपुट बादलों के कारण सूर्य देव के कोप से जनता को कुछ राहत तो मिली लेकिन उमस परेशानी बढ़ाती रही। सुबह के वक्त हवाएं चलने से कुछ सुकून मिला, लेकिन इसके बाद में फिर मौसम बदल गया। तेज धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद फिर से बादल छा गए, लेकिन इससे उमस में इजाफा हो गया। बादल और सूर्यदेव की लुकाछिपी के बीच में शहरवासी पसीना-पसीना नजर आए। हालांकि दोपहर में बादल छाने के कारण दोपहर में सड़क पर बैठकर नमाज पढ़ने वाले लोगों ने राहत महसूस की। शाम चार बजे तक धूप और छांव के बीच अठखेलियां होती रहीं। दिन का तापमान 39 से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। उमस बढ़ने से हर कोई बेहाल नजर आया। 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बही हवा भी जनता को उमस से राहत दिलाने में नाकाम रही। बिजली की आवाजाही भी मुसीबत बढ़ाती रही। सुबह से लेकर देर शाम तक इसकी आवाजाही बनी रही। कई घंटे सप्लाई गायब रही। खासकर दोपहर में तीन बजे से लेकर शाम पौने छह बजे बाद तक सप्लाई गायब रही।