हर घर में खुशी छाई, सुहागनगरी गंगा नहाई
गुरुवार सुबह शहर में नलों से पानी नहीं, गंगा की जलधारा निकली। इससे हर घर में खुशी छाई और लोग गंगाजल से नहाए भी। विभाग अब अन्य घरों में भी जलापूर्ति किए जाने की तैयारी में जुट गया है। हालांकि कुछ जगह लीकेज की वजह से पानी गंदा पहुंचा।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: गुरुवार सुबह शहर में नलों से पानी नहीं, गंगा की जलधारा निकली। फिर लोगों ने घर बैठे न केवल गंगा नहाने का पुण्य कमाया, बल्कि मीठे पानी से गला भी तर किया। इससे मिली खुशी पहली बार एक साथ हजारों चेहरे पर नजर आई।
2013 में सपा सरकार में शुरू हुई जेड़ा झाल परियोजना अब साकार हो पाई। बुधवार रात तक शहर के सात भूमिगत जलाशयों में गंगाजल भरा गया। इन जलाशयों (सीडब्लूआर) से जुड़े चार दर्जन से अधिक इलाकों में सुबह करीब छह बजे नलों में गंगा जल आया। पानी भरते वक्त लोगों की प्रसन्नता साफ झलक रही थी। नलों में गंगा जल की आपूर्ति करीब आधे घंटे हुई। जल निगम ने दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे सैलई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से बरी का नगला, आगरा गेट, रसूलपुर, सुहागनगर, हनुमानगढ़, करबला, आसफाबाद स्थित सीडब्लूआर में पानी की आपूर्ति शुरू की। इसके बाद इन क्षेत्रों की टंकियां दुबारा भरी गईं। दस एमएलडी गंगा जल मिला:: सैलई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहरी क्षेत्र को रोजाना 60 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन) पानी मिलना है। पहले दिन गुरुवार को करीब दस एमएलडी पानी मिला। अगले दो-तीन दिन में सैलई, मायापुरी और विभव नगर टंकी से भी गंगा जल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। बॉक्स:: लाइन लीकेज, आया गंदा पानी:: सुहाग नगर, रैपुरा रोड पर सतीनगर मुहल्ला और मोहन नगर में गंगा जल के लिए बिछी पाइप लाइन में लीकेज आ गई। इस कारण इन क्षेत्रों में साफ पानी नहीं आया। लीकेज ठीक कराई जा रही है।