छेड़खानी से आजिज किशोरी ने की खुदकुशी
चुपचाप कर रहे थे अंतिम संस्कार की तैयारी पुलिस ने रोका मुकदमा दर्ज कर दबिश आरोपित फरार।
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: गांव के ही युवक की छेड़छाड़ से आजिज एक किशोरी ने गुरुवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित के यहां दबिश दी, मगर वो फरार था।
मामला नसीरपुर क्षेत्र का है। बुधवार शाम चार बजे 14 वर्षीय किशोरी अपनी भाभी के साथ पशुओं को चारा दे रही थी। किशोरी बहाने से घर चली गई। काफी देर तक न लौटने पर भाभी ने जब कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो किशोरी फंदे पर लटकी थी। इसके बाद स्वजन और कुछ ग्रामीण शव को लेकर यमुना किनारे पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इंस्पेक्टर नसीरपुर प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता का आरोप है कि गांव का महादेव उनकी बेटी के साथ आए दिन छेड़खानी करता था। लोकलाज के भय से उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी थी।
किशोरी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फरार है। उसकी गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
-सचिद्र पटेल, एसएसपी