गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन आज, सड़कों पर उमड़ेगी आस्था
फीरोजाबादजागरण संवाददाता। गुरुवार को सुहाग नगरी में गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आना आदि भजनों की धुन पर श्रद्धालु गणपति की प्रतिमाओं को विसर्जन करने के लिए ले जाएंगे। इसको लेकर बड़े पंडालों में तैयारियां चलती रहीं वहीं बुधवार को भी विसर्जन चलता रहा।
फीरोजाबाद,जागरण संवाददाता। गुरुवार को सुहाग नगरी में गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना आदि भजनों की धुन पर श्रद्धालु गणपति की प्रतिमाओं को विसर्जन करने के लिए ले जाएंगे। इसको लेकर बड़े पंडालों में तैयारियां चलती रहीं, वहीं बुधवार को भी विसर्जन चलता रहा।
पिछले दस दिन से गणपति महोत्सव की धूम मची है। शहर से लेकर कस्बों की गली मुहल्लों में पंडाल सजे हैं, तो सुबह से देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का का आयोजन होता है। गुरुवार दोपहर 1.58 बजे से घनिष्ठा नक्षत्र प्रारंभ होंगे। इसको देखते हुए कई स्थानों से श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं का विसर्जन किया। व्यापार मंडल के जिला मंत्री पंकज गुप्ता के निवास से गाजे-बाजे के साथ भगवान गणेश की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें दर्जनों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालु अबीर गुलाल उड़ाते हुए भगवान गणेश के भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही पूरे दिन श्रद्धालुओं ने विसर्जन किया। सदर क्षेत्र में तालाबों में विसर्जन की व्यवस्था की गई है, जहां 35 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं बुधवार को जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। भजन संध्या और 56 भोग के आयोजन हुए। गुरुवार की सुबह 8.30 बजे हवन, पूर्णाहुति और 11 बजे विसर्जन यात्रा शुरु होगी। ऑर्चिड ग्रीन में गुरुवार की सुबह हवन एवं पूर्णाहुति एवं दस बजे से विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विभव नगर में भी सुबह पूजन के बाद विसर्जन यात्रा शुरू होगी। पांच तालाबों में होगा विसर्जन
तहसील प्रशासन ने गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए रसीदपुर कनेटा, सोफीपुर, ढोलपुरा, नैपई चंद्रवार में तालाबों तैयार कराए गए हैं। इन तालाबों में साफ पानी भरने के साथ, लाइट, सफाई एवं चूना का छिड़काव कराया गया है। एसडीएम सदर राजेश वर्मा ने बताया कि इन तालाबों के अलावा कहीं पर भी विसर्जन नहीं होगा।
पर्याप्त मात्रा में तैनात रहेगा पुलिस बल
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गणेश महोत्सव के अवसर पर मुख्य तिराहे, चौराहों सहित विसर्जन स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी लोग शांतिभाव से भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करें।