शहर में खूब उड़ी मतदाता जागरूकता की पतंग
जागरण पतंगोत्सव में सभी ने दिखाए हाथ पाबंदियों के चलते सादगी से हुआ आयोजन दोपहर 12 बजे से रामलीला मैदान में और दोपहर बाद घरों की छतों से उड़ी पतंग।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद : मकर संक्रांति पर हर वर्ष होने वाला दैनिक जागरण का पतंगोत्सव इस बार जिम्मेवारी के साथ आयोजित हुआ। थीम मतदाता जागरूकता थी और संदेश अधिक से अधिक मतदान के संकल्प और स्वच्छता का। चुनाव के साथ-साथ कोरोना की पाबंदियों को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में लोगों को बुलाया गया और शारीरिक दूरी और मास्क जरूरी के साथ सबने पतंग उड़ाकर त्योहार मनाया। जागरण की अपील पर दोपहर बाद घरों की छतों से पतंगें उड़ी, जिसमें युवाओं के साथ बच्चों ने खूब उत्साह दिखाया।
सामाजिक सद्भाव को लेकर जागरण 2018 से हर वर्ष पतंग उत्सव का आयोजन करता है। इसमें शहर के पतंगबाजों के साथ मिलकर शहरवासी पतंग उड़ाते हैं। इस बार मतदाता जागरूकता पतंगोत्सव का आयोजन रामलीला मैदान पर किया गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए उत्सव में धूप और छांव की लुकाछिपी के बीच रंग बिरंगी पतंगें अठखेलियां खाने लगीं। जो पुराने शौकीन थे उन्होंने सधे हुए हाथों से पतंग उड़ाई। जिन्हें उड़ाना नहीं आता था, उनके लिए पतंगबाजी के उस्ताद मैदान में मौजूद थे। उन्होंने पतंगें उड़ाकर दीं। इस दौरान एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला ने मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने की परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि पतंग तभी तक आसमान में उड़ती है जब तक उसकी डोर जमीन पर रहती है। डोर छूटते ही पतंग डगमगाते हुए जमीन पर गिरती है। फिर उसका हश्र क्या होता है, ये सब जानते हैं। मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि बचपन में मकर संक्रांति साल का वो पहला दिन होता था, जब हम ननिहाल में मौसा मौसी और उनके बच्चों के साथ मनाते थे। पूरे दिन छत पर पतंग उड़ाने और खेल में बीतता था। एसडीएम सदर मनोज कुमार ने बताया कि उनका मां बहुत सख्त थीं। इसलिए वह चोरी छिपे पतंग उड़ाते थे। अब जागरण ने एसएसपी और सीडीओ के साथ मुझे पतंग उड़ाने का मौका दिया है। स्वीप की ब्रांड एम्बेसडर कल्पना राजौरिया ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी दी। संचालन प्रो.एबी चौबे ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने खिचड़ी खाई।
-----
मतदान की ली शपथ और किए हस्ताक्षर
कार्यक्रम के अंत में सीडीओ ने सभी को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई। इसके बाद मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान में सभी अतिथियों और शहर के गण्यमान्य लोगों ने पोस्टर पर संदेश लिखे। अंत में अतिथियों ने पतंगबाज हैदर अली और उनकी टीम को उपहार दिए।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी की तरफ से आरपी सिंह, जन कल्याणम ट्रस्ट के नीतेश अग्रवाल जैन, उद्यमी मुकेश बंसल टोनी, महिला शक्ति की वर्तिका जैन, अनु बंसल, शीनू अग्रवाल, सेवा पथ की सीमा गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंबेश शर्मा, ननि के सैनेट्री इंस्पेक्टर अरविंद भारती, मनोज श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर उत्तर संजीव दुबे, रेडक्रास सोसाइटी के विश्वविमोहन कुलश्रेष्ठ, एसए ब्लड डोनेशन ग्र्रुप के अमित गुप्ता, इंडियन करियर एजुकेशन के प्रवीण अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, असलम भोला,, डा. अविनाश अगोर, डा. पीयूष शर्मा, निशांत गर्ग आदि ने पतंगबाजी का लुत्फ उठाया।