रेलवे ओवरब्रिज तैयार, उद्घाटन का हो रहा इंतजार
लेबर कालोनी में कई दिनों से बनकर तैयार है अधिकारी भी नहीं दे पा रहे जवाब लोग कर रहे इंतजार।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: लेबर कालोनी फाटक पर बना ओवर ब्रिज (पुल) कई दिन से बनकर तैयार है, लेकिन इसे चालू नहीं किया जा रहा है। दशकों से रेलवे फाटक की समस्या से जूझ रहे लाइनपारवासी अब इंतजार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस जल्द चालू कराने की मांग की है।
शहर को लाइनपार क्षेत्र से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर लेबर कालोनी फाटक है जो ट्रेनों के अत्यधिक आवागमन के कारण अक्सर बंद रहता है। कई बार यह आधा से पौन के घंटे के लिए भी बंद रहता है। इस दौरान पैदल राहगीर भी नहीं निकल पाते। मरीजों और अन्य आपात स्थिति में फंसे लोग फाटक खुलने का इंतजार करते रहते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए यहां पुल का निर्माण कराया गया। 2018 से निर्माण शुरू हुआ। कई बाधाओं को पार कर अब यह पुल बनकर तैयार है, लेकिन उप्र राज्य सेतु निगम इसे चालू नहीं कर रहा है। लेबर कालोनी निवासी सलीम खान एडवोकेट, किशन यादव, श्री निवास शर्मा, गुलशन खान आदि का कहना है कि पुल बनने के बाद अब फाटक पर इंतजार अखरने लगा है। प्रशासन को इसे जल्द चालू करा देना चाहिए। सेतु निगम के सहायक अभियंता महेश चंद्र का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही चार्ज लिया है। पुल क्यों नहीं चालू हो पा रहा। इसकी जानकारी की जाएगी।
--तय नहीं हो पा रहा लोकार्पण कार्यक्रम.. लेबर कालोनी के रेलवे ओवर ब्रिज शुरू न होने के पीछे लोकार्पण कार्यक्रम तय न हो पाने की चर्चा जोरों पर है। इंटरनेट मीडिया पर शहर के लिए तरह-तरह की बातें पोस्ट कर रहे हैं। विभागीय अधिकारी लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।