सात फेरे लेकर एक दूजे के हुए चार जोड़े
कांता होटल में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह समिति के पदाधिकारियों ने वर वधु को सामान किया भेंट।
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: शुक्रवार को प्रज्ञा राष्ट्र निर्माण समिति एवं चक्रवर्ती सम्राट महापदमनंद सामूहिक विवाह समारोह समिति द्वारा कोरोना संक्रमण के नियमों का पालन करते हुए कांता होटल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया। जिसमें चार जोड़े सात फेरे लेकर एक दूजे के हुए। वर वधु को सामान देकर विदा किया गया। सांसद और पदाधिकारियों ने वर वधु को आशीर्वाद दिया।
दोपहर डेढ़ बजे शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए सामूहिक विवाह समारोह शुरू हुआ। पंडित टीटू राजौरिया ने विधि विधान से वरमाला का कार्यक्रम संपन्न कराया। इसके बाद मंत्रोच्चारण के साथ वर वधु ने सात फेरे लिए। सांसद डा. चंद्रसेन जादौन और समिति के पदाधिकारियों ने वर वधु को आशीर्वाद दिया। इस दौरान सांसद ने कहा कि सामूहिक विवाह मात्र एक विवाह का आयोजन नहीं है, बल्कि इसके प्रभाव एवं समाज हित में लाभ बड़े दूरगामी होते हैं। डा. पीयूष शर्मा ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह से फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है। किसी कमजोर जरूरतमंद एवं असहाय परिवारों की कन्याओं का विवाह कराने से बढ़कर कोई अन्य पुनीत कार्य नहीं है। इसके साथ ही फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों से भी मुक्ति मिलती है। कार्यक्रम में वीनेश कुमार शर्मा, पूर्व ब्लाक प्रमुख बनारसी दास शर्मा, राजेश बाबू, नंदू, रहीस राजौरिया, गौरव अग्रवाल, संतोष बाबू, राजबहादुर, सोबरन सिंह, अतुल कुमार, रानी देवी राजौरिया, कृष्ण देवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दूल्हा- दुल्हन और मेहमानों को जरूरी रहा मास्क :
सामूहिक विवाह समारोह में 50 से अधिक लोग शामिल हुए। दोपहर एक बजे वर वधु अपने मुंह पर मास्क लगाकर मंच पर पहुंचे। नीचे कुर्सियों पर बैठी महिलाएं और पुरुष भी शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मुंह पर मास्क लगाए रहे।