स्वच्छ सर्वेक्षण पर जोर, नहीं उठ रहा कूड़ा
लोगों को जागरूक करने को वार्डों में हो रही प्रोत्साहन समिति की बैठक सफाई व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का नहीं कोई ध्यान।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: स्वच्छ सर्वेक्षण में पूरे प्रदेश में अव्वल आने का नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी सपना देख रहे हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। शहर के मुख्य मार्गों, रेलवे लाइन के सहारे, ओवरब्रिज के नीचे लगे गंदगी के ढेर स्वच्छता अभियान का पलीता लगा रहे हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की प्रक्रिया तेज हो गई। नगर निगम द्वारा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए हर वार्ड में प्रोत्साहन समिति की बैठकें कराई जा रही हैं। इसमें लोगों को सड़कों पर गंदगी न करने, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, यूजर चार्ज जमा करने को प्रेरित किया जा रहा है। नगर आयुक्त विजय कुमार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के संबंध में लगातार दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते शहर की सड़कों से दोपहर तक कूड़े के ढेर नहीं उठ पा रहे। शुक्रवार को रेलवे कालोनी फाटक, चंद्रवार गेट, पैमेश्वर गेट, आसफाबाद फाटक, आर्य नगर, जलेसर रोड, बोधाश्रम, ओवरब्रिज के नीचे सहित कई स्थलों पर गंदगी के ढेर नजर आए। गंदगी के ढेर से उठती दुर्गंध के चलते लोगों का राह चलना मुश्किल हो रहा था।
-डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था नहीं हुई प्रभावी:
झांसी की कंपनी के हटने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है। नगर निगम द्वारा सहारनपुर के एनजीओ को 15 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था सौंपी गई है, लेकिन कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहनों का इंतजाम न होने से यह व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकी। -कुछ सुपरवाइजरों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया है, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर का निरीक्षण कर देखा जाएगा कि किन स्थलों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। लापरवाह पर कर्मचारियों पर कार्रवाई करेंगे।
- डा. मुकेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी