59 घंटे के लाकडाउन शुरू होने से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, लगा जाम
रात आठ बजे नाइट कर्फ्यू शुरू होते ही बंद होने लगा था बाजार डटे थे खरीदार सोमवार सुबह सात बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष बाजार रहेगा बंद।
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: कोरोना से जंग के लिए शुक्रवार रात आठ बजे से लाकडाउन शुरू होने से पहले बाजार ऐसा गुलजार हुआ कि जाम लग गया। लोग मास्क तो लगाए दिखे, लेकिन शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ गईं। पुलिस को जाम खुलवाने में पसीना आ गया। इसके बाद बाजार बंद कराए। सोमवार सुबह सात बजे तक के लाकडाउन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष बाजार बंद रहेगा।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार को थामने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक वीकएंड लाकडाउन के आदेश जारी किए हैं। कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस का आंकड़ा पांच सौ से पार होने के बाद नाइट कर्फ्यू शुरू हुआ था। इसके बाद रविवार का लाकडाउन आ गया। शुक्रवार सुबह से भीड़ नजर आई और इसके बाद शाम से बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ दिखाई देने लगी। चाट पकौड़ी की ठेल पर बड़ी संख्या में लोग नजर आए। सदर बाजार, जलेसर रोड, स्टेशन रोड, बजरिया, सुहाग नगर सहित अन्य स्थानों पर खाद्य पदार्थ की दुकानों, फल, सब्जी की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। रात आठ बजते ही कर्फ्यू लागू होते ही उत्तर, दक्षिण, रामगढ़, रसूलपुर, लाइनपार थाना इंस्पेक्टर अपने-अपने क्षेत्र के बाजार बंद कराने लगे। यह देखकर दुकानदार भी अपनी दुकानें बंद करने लगे, तो लोग भी घरों की ओर रुख करने लगे। अत्यधिक भीड़ होने के चलते सदर बाजार से सेंटर चौराहा, जलेसर रोड, गंज मुहल्ला, गांधी पार्क से स्टेशन रोड पर जाम लग गया। सबसे ज्यादा नियमों की धज्जियां ई-रिक्शा चालकों ने उड़ाई। सवारियां भी बिना मास्क के बैठी थीं। करीब आधा घंटे जाम लगने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
----------
दवा और आवश्यक सेवाएं रहेगी बहाल
- शुक्रवार से सोमवार सुबह तक के लाकडाउन में दवा और आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी।
- कारखाने चलते रहेंगे और सेवा योजकों द्वारा जारी पास पर श्रमिकों के आने-जाने से नहीं रोका जाएगा।
- यातायात के साधन उपलब्ध रहेंगे। वाहनों में आधी क्षमता के हिसाब से सवारियां बैठेंगी।
- शादी समारोह कोविड की गाइडलाइन का पालन करते हुए होंगे। इसके लिए अनुमति भी दी गई है।
- मंदिर व धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। घर पर ही पूजा अर्चना की अपील की गई है।
- बिना मास्क के पकड़े जाने पर एक हजार रुपये का चालान होगा।