देव दीपावली पर रोशन हुआ यमुना का घाट, गूंजे जयकारे
दैनिक जागरण और यमुना जागरण समिति के आयोजन में जुटे शहरवासी बूंदाबांदी से सुहाना हुआ नजारा दीपदान के नजारे से बिखरी रौनक।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद: शहर से दस किलोमीटर दूर यमुना घाट पर जागरण के देव दीपावली आयोजन में घाट दीपों की रोशनी से झिलमिला उठे। इसके बाद यमुना जी और शंकर भगवान की आरती से माहौल भक्तिमय हो गया। शाम को हुई बूंदाबांदी के बीच शहरवासियों ने उत्साह के साथ देव दीपावली का पर्व मनाया और हर वर्ष के आयोजन का संकल्प लिया। शहरवासी और अधिकारीगण देर शाम तक आयोजन में पहुंचते रहे।
दैनिक जागरण ने शहर में दो दिवसीय देव दीपावली का आयोजन किया गया था। गुरुवार को श्रीसनातन धर्म मंदिर समिति के साथ आर्यनगर में देव दीपावली का आयोजन किया गया था। शुक्रवार को श्री पसीना वाले हनुमान मंदिर के यमुना घाट पर आयोजन किया गया था। दोपहर दो बजे से तैयारियां शुरू हो गई थी। पंचायती राज विभाग और नगर निगम के साथ समाजसेवी संगठनों ने घाट की सफाई के साथ रंगोली बनाई और बैनर लगाकर घाट की सीढि़यों पर दीप सजाए गए। शाम ढलते ही दीप प्रज्जवलित हुए तो घाट रोशनी से जगमग हो उठा। इसके बाद शिव मंदिर के महंत ने यमुना जी और शंकर जी की आरती कराई और फिर दीप विसर्जन का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मेयर नूतन राठौर, एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला, एडीएम अभिषेक कुमार सिंह, अपर नगरायुक्त संतोष यादव, परियोजना निदेशक डूडा सुभाष वीर सिंह, एसपी सिटी मुकेश मिश्रा, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, पंचायत सचिव आदित्य मिश्रा, एडीओ पंचायत राकेश बाबू, डीसी स्वच्छता मिशन पुनीत निगम, प्रधान प्रतिनिधि सौरभ गुर्जर, भाजपा के वरिष्ठ नेता नानक चंद्र अग्रवाल, समाजसेवी नीतेश अग्रवाल जैन, मंगल सिंह राठौर एडवोकेट, समाजसेवी कल्पना राजौरिया, सेवा पथ की सीमा गुप्ता, भारतीय जनहित सेवा समिति की मूवी शर्मा, रोहित जैन, प्रदीप जैन, भारतीय सदभावना सेवा समिति के संजय जैन, संजय जैन पीआरओ, चंद्रवाड़ जैन मंदिर समिति योगेंद्र प्रकाश जैन, शिवधृष्टि रावत, प्रियंका वर्मा, निशु वर्मा समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
------
दीपों से बनाई गई शिवलिंग की आकृति : यमुना के पानी के बीच बंदरगाह के अवशेषों पर दीपों से से शिवलिंग की आकृति सजाई गई थी, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
--
घर से दीपक लेकर गए थे परिवार. दैनिक जागरण और यमुना जागरण समिति आयोजन में शामिल शहर के लोग परिवार के साथ घरों से दीप लेकर पहुंचे और घाट पर स्वास्तिक की आकृति बनाकर दीप जलाए गए।
- शिव मंदिर में मनाई गई दीपावली. देव दीपावली पर यमुना घाट स्थित महाभारत कालीन आदिश्री शक्तिपीठ शिव मंदिर में भी दीप प्रज्जवलित किए गए। शहरवासियों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना भी की।