ननि की अनदेखी से कूड़े के ढेर पड़ी देव प्रतिमाएं
मेयर ने दो टीम बनाकर पुरानी प्रतिमाएं एकत्रित करने के दिए थे निर्देश।
-मेयर ने दो टीम बनाकर पुरानी प्रतिमाएं एकत्रित करने के दिए थे निर्देश
-दो साल से भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ द्वारा एकत्रित कराई जा रही थीं मूर्तियां
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: दीपावली के त्योहार पर घरों से निकली पुरानी देव प्रतिमाएं शहर में प्रमुख मंदिरों के आसपास व जगह-जगह कूड़े के ढेर में पड़ी नजर आ रही है। इससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
मेयर नूतन राठौर द्वारा दीपावली के त्योहार से एक दिन पहले बैठक कर घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से निकलीं पुरानी देव प्रतिमाएं एकत्रित कराने के लिए जेडएसओ को निर्देश दिए थे, लेकिन नगर निगम द्वारा देव प्रतिमाएं एकत्रित करने में गंभीरता नहीं दिखाई गई। नगर निगम की लापरवाही के चलते बड़े हनुमान मंदिर, कैला देवी मंदिर, कोटला रोड माता मंदिर, गोपाल आश्रम, ओम नगर दुर्गा मंदिर, मुहल्ला दुली, दुर्गा नगर बगीची सहित अन्य स्थलों पर सैकड़ा देव प्रतिमाएं गंदगी के ढेर के बीच पड़ी नजर आ रही हैं।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक, अनुभव माहेश्वरी, सह संयोजक राहुल कुमार का कहना है कि दो साल से उनकी टीम देव प्रतिमाएं एकत्रित करने व लोगों को जागरूक करने का काम कर रही थी, लेकिन इस बार नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों ने मेयर व नगर आयुक्त के आदेश के बावजूद अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। उन्होंने दोषी अधिकारी, कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। - गोवर्धन पूजन व भाई दूज के दिन दो टीमें भेजकर पुरानी देव प्रतिमाएं एकत्रित कराई गई थीं। शहर में कहीं देव प्रतिमाएं मिलने की कोई शिकायत आती है तो वाहन भेजकर प्रतिमाएं उठवाएंगे।
- दलवीर सिंह, जोनल सेनेटरी इंस्पेक्टर