दीपावली महोत्सव में देर रात तक होता रहा धमाल
तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को लगे दीपावली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। यहां देर रात तक जमकर धमाल होता रहा। बाद में लकी ड्रॉ खोले गए।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: तिलक इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को लगे दीपावली मेले में आधी रात तक शहरवासियों ने जश्न मनाया। मुंबई और मुरादाबाद से आए कलाकारों की मंचीय प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा की लोग देर तक कुर्सी पर बैठे कार्यक्रम देखते रहे।
संस्कार भारती की महानगर शाखा द्वारा दीपावली आनंद महोत्सव की शुरूआत रविवार की शाम भगवान जगन्नाथ की झांकी के सामने 1100 दीपों की दीपमालिका जला कर हुई थी। इसके बाद टीवी कलाकर राहुल एवं उनकी टीम के सदस्यों ने नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। इनके जरिए मां वैष्णवी और भगवान विष्णु के 12 अवतारों का वर्णन किया गया। झांकियां भी सजाई गईं। मंचीय कार्यक्रम रात 12 बजे तक चले। सतरंगी रोशनी और फूलों की महक से मेले का माहौल खुशनुमा हो गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने मेला परिसर में सजे विभिन्न प्रकार के स्टॉल पर मनपसंद व्यंजनों का स्वाद लिया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक वेदप्रकाश अग्रवाल, दयाशंकर गुप्ता, त्रिभुवन कुमार श्रीमाली, शिवकांत पलिया, एससी अग्रवाल, रवींद्र बंसल, रमेशचंद्र अग्रवाल और रमेश बंसल आदि मौजूद रहे।
रात खुला लकी ड्रॉ: मेले का समापन लकी ड्रॉ से हुआ। महानगर महामंत्री शिवकांत पलिया ने बताया कि ड्रॉ में कार्ड संख्या 674 को प्रथम, 471 को द्वितीय और 487 को तृतीय पुरस्कार मिला।