धराशायी हुआ दशानन, गूंजे जयश्री राम के जयकारे
शहर में एफएम सिटी और टूंडला में धूं-धूंकर जले रावण के पुतले प्रमुख रामलीला मैदान पर पसरा रहा सन्नाटा सादगी से मना त्यौहार।
टीम जागरण, फिरोजाबाद: असत्य पर सत्य की विजय का पर्व हर्षोल्लास के बीच सादगी से मनाया गया। शहर में सौ वर्ष से अधिक पुरानी रामलीला का आयोजन न होने से सन्नाटा रहा तो टूंडला में धूमधाम से रावण वध की लीला के बाद पुतला दहन हुआ। वहीं शहर की एफएम सिटी कालोनी में दशहरे का पर्व मनाया गया। कालोनी डांडिया के आयोजन के साथ-साथ पुतला भी फूंका गया।
शहर में दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया जाता था। कोरोना की पाबंदियों के चलते अबकी बार सनातन धर्म रामलीला समिति का आयोजन नहीं हो सका था, इसलिए शहर में सार्वजनिक आयोजन की रौनक नजर नहीं आई। वहीं लेबर कालोनी में भी रामलीला का आयोजन नहीं हुआ। दशहरे पर सुबह घरों में पूजन हुआ और बस्तियों में बच्चों ने छोटे-छोटे रावण के पुतले जलाकर त्योहार मनाया। वहीं जिले में सबसे बड़ा आयोजन टूंडला में हुआ। नगर में दो स्थानों पर चल रहे रामलीला के आयोजनों में बढ़ी संख्या में लोग पहुंचे और लीला का आनंद लिया। आर्चिड ग्रीन कालोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया दशहरा
हाईवे पर राजा का ताल स्थित आर्चिड ग्रीन कालोनी में सुबह पांच बजे से सुंदरकांड का पाठ हुआ। इसके बाद शाम छह बजे आर्चिड क्लब पर सदर विधायक मनीष असीजा ने श्रीराम दरबार और भगवान गणेश की आरती उतारकर श्रीराम शोभायात्रा का शुभारंभ किया। सबसे आगे प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की झांकी चल रही थी। उनके पीछे सतरंगी झालरों से सजी झांकी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता माता के स्वरूप विराजमान थे। शोभायात्रा आर्चिड ओपन थियेटर पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद रावण वध की लीला का आयोजन हुआ और पुतला दहन किया गया। आर्चिड ओपन थिएटर में कालोनीवासियों के लिए मेले का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक लोग शामिल होकर खुशियां मनाते रहे। इस दौरान प्रदीप मित्तल पम्मी, राहुल बंसल, विनय सिघल, मनीष बंसल, गौरव गर्ग, नितिन गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, नरेंद्र चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। -एफएम सिटी में डांडिया की रही धूम, जलाया गया पुतला: हाईवे स्थित एफएम सिटी में भी दशहरा धूमधाम से मनाया गया। शाम छह बजे से डांडियां की धूम रही। इसके बाद श्रीराम की शोभायात्रा निकाली। जो क्लब हाउस से शुरू हुई। जगह-जगह भक्तों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों की आरती उतारी। रात नौ बजे रावण का पुतला जलाकर लोगों ने एक दूसरे को विजयदशमी की बधाइयां दी गई इस दौरान अजीत कुमार अग्रवाल, अचल मित्तल, योगेश मित्तल, राकेश जिदल, संजय मित्तल, मयंक जिदल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। - जसराना में शरदपूर्णिमा पर जलेगा रावण. जसराना कस्बे में आयोजित होने वाली रामलीला में शुक्रवार को राम हनुमान मिलन की लीला हुई। यहां पर रावण वध की लीला शरद पूर्णिमा पर होगी। इसी दिन पुतला दहन भी किया जाएगा। --टूंडला में दिखा रावण दहन का आतिशी नजारा
नगर में रामलीला ग्रांउड व रेलवे मैदान पर आयोजित होने वाली रामलीला में राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। रावण की नाभि में राम का तीर लगते ही वह धराशायी हो गया। इसके बाद रावण के पुतलों का दहन हुआ। रात 12 बजे रावण पुतले में लगाई गई आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो गया। देर रात तक लोग आयोजन का आनंद लेते रहे।