दूसरे दिन भी टोल पर 'फास्टैग' का जाम, घंटों लगी कतार
फास्टैग बनवाने को लगी रही लाइन अव्यवस्थाएं रहीं हावी सूने रहे फास्टैग वाले टोल बूथ वाहन संभालती रही पुलिस
संवाद सहयोगी, टूंडला: सरकार ने टोल बूथ पर फास्टैग आवश्यक कर दिया है, लेकिन बनवाने के कोई इंतजाम नहीं हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद भी फास्टैग नहीं बन पा रहे हैं। जिसके चलते अभी भी हजारों वाहन बिना फास्टैग के ही दौड़ रहे हैं। सोमवार को दूसरे दिन भी टोल बूथ पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं फास्टैग बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सरकार ने 15 दिसंबर से सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया है। टूंडला टोल प्लाजा पर सोमवार को सुबह से ही जाम के हालात पैदा हो गए। यहां पांच लाइनों को फास्ट टेग के लिए रखा गया है। सिर्फ दो लाइनों से ही पैसे लेकर वाहनों को निकाला जा रहा है। यहां वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई। पुलिस जाम खुलवाने को पूरे दिन जूझती रही। हर रोज टोल से करीब दस हजार से लेकर ग्यारह हजार वाहन गुजरते हैं। जबकि टोल पर अभी तक मात्र 2050 फास्टैग कार्ड ही बन सके हैं। सोमवार को भी टोल पर फास्टैग बनवाने वालों की भीड़ रही। टोल मैनेजर जयबंत देसले ने बताया कि टोल के साथ ही अन्य स्थानों पर भी फास्टैग कार्ड बनवाए जा रहे हैं। दो लाइनों से ही पैसे लेकर वाहनों को निकाला जा रहा है। जिसके चलते परेशानी हो रही है। जल्द ही सभी के फास्टैग बन जाएंगे तो समस्या खत्म हो जाएगी। एंबुलेंस व पुलिस के वाहन किसी भी लाइन से बिना टोल के गुजर सकते हैं। जबकि बीमार को प्राइवेट वाहन से ले जाने वालों को फास्टैग न होने की दिशा में जाम से ही गुजरना होगा।
इंसेट
क्या कहते हैं वाहन चालक
सरकार ने जल्दबाजी में फास्टैग व्यवस्था लागू की है। पहले सभी के फास्टैग बनने चाहिए थे। उसके बाद ही इसे अनिवार्य किया जाना चाहिए था। टोल पर भी फास्टैग को लेकर कोई इंतजाम नहीं है।
राजा सिंह, सिरसागंज
सरकार गरीब जनता का शोषण कर रही है। फास्टैग लगने के बाद टोल से दर्जनों लोगों को हटा दिया जाएगा। देश में हजारों युवा बेरोजगार हो जाएंगे। बिना तैयारी फास्टैग की अनिवार्यता गलत है।
महेशचंद्र, आगरा फास्ट टेग बनवाने को सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया। अधिकांश वाहन चालक बिना फास्टैग के ही चल रहे हैं। सरकार को कैंप लगाकर सभी के फास्टैग बनवाने चाहिए थे। अभी सरकार को वाहन चालकों को और समय देना चाहिए।
संजू शर्मा, लखनऊ सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। हम एक घंटे से लाइन में लगे हैं। कोई व्यवस्था नहीं हैं। यदि टोल पर दस मिनट में फास्टैग बन जाए तो सभी की समस्या का समाधान हो जाए।
नरेन्द्र कुमार, दिल्ली