टूंडली में पुरानी रंजिश में फायरिग, गोली लगने से दो घायल
-छतों से की गई फायरिग पथराव में आधा दर्जन घायल -एसपी सिटी कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे
संवाद सहयोगी, टूंडला: गांव टूंडली में शनिवार दोपहर पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों तरफ से जमकर पथराव और फायरिग की गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को आगरा रेफर किया गया है।
गांव के धर्मवीर पुत्र छोटेलाल का स्टेशन पर पेठे की स्टाल है। उनकी गांव के सजातीय संदीप उर्फ रिकू पुत्र जयवीर से पुराने मामलों को लेकर रंजिश चल रही है। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में करीब 15 मिनट पथराव और फायरिग होती रही। आरोप है कि धर्मवीर पक्ष के लोगों ने छतों से फायरिग शुरू की। इससे भगदड़ मच गई। फायरिग में गोली लगने से ओमवीर और संदीप उर्फ रिकू घायल हो गए। संदीप पक्ष के पंकज समेत आधा दर्जन लोग पथराव में घायल हुए। इसके बाद टूंडला इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। कुछ देर में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ टूंडला डॉ. अरूण कुमार फोर्स लेकर पहुंच गए। पुलिस को देख हमलावर पक्ष के लोग भाग गए। पुलिस ने मकानों की छतों से कई खोखे बरामद किए। सड़कों पर भी ईटें बिखरी पड़ी थीं। गोली लगने से घायल ओमवीर और संदीप को पुलिस ने एफएच मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां से दोनों को आगरा रेफर कर दिए गए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - एक माह पूर्व भी हुआ था झगड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच एक माह पूर्व भी झगड़ा हुआ था। पुलिस दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने ले गई थी। कार्रवाई होता देख दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।