धूमधाम से मना संविधान दिवस, दिलाई शपथ
सरकारी विभागों शिक्षण संस्थाओं में जगह-जगह आयोजित हुए कार्यक्रम -जिला कारागार में संविधान दिवस पर हुई प्रतियोगिताएं मिले पुरस्कार।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: सुहाग नगरी में गुरुवार को संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला कारागार सहित सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थाओं पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं को संविधान की शपथ दिलाई गई।
जिला कारागार में संविधान दिवस को जाने विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें 126 बंदियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक यादव ने कहा कि कि जेल में निरुद्ध बंदी अपने अधिकार व मौलिक कर्तव्य समझें। जेल अधीक्षक मुहम्मद अकरम खान ने बंदियों को आदर्श नागरिक के रूप में स्वयं को परिवर्तित करने को प्रेरित किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में मोहित प्रथम, अमरदीप द्वितीय व अनिल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में फूलमाला प्रथम, उमा द्वितीय व अमरीन तीसरे स्थान पर रहीं। किशोर वर्ग में दीपक, शिवम व सचिन क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेता बंदियों को उद्यमी आकाश गर्ग द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिए गए। पुलिस लाइन में एसएसपी सचिद्र पटेल ने सभी पुलिस के जवानों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। नगर निगम में कर्नल जीएम खान द्वारा प्रवर्तन दल के सदस्यों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई।
श्री आरके इंटर कालेज कोटला में शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मित्तल प्रसाद बुद्धिस्ट ने फीता काटकर किया। प्रधानाचार्य डा. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि हम सभी देश के महान संविधान के अनुसार आचरण करने का संकल्प लें। मौके पर हरेंद्र पाल सिंह, अरविद शर्मा, डीडी तिवारी, सुरेश मिश्रा, अमित गुप्ता मौजूद रहे। बहुजन महासेना भारत द्वारा नारखी ब्लाक के गांव मुहम्मद डोरसा में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चौधरी ने कहा कि संविधान को हमें जन-जन तक पहुंचाना होगा, तभी बहुजन समाज को संविधान की जानकारी होगी। मौके पर मुहम्मद शान, योगेंद्र पाल, रामवीर, लाखन सिंह आदि मौजूद रहे।
टूंडला में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। कृषक इंटर कालेज पचोखरा में प्रधानाचार्य रंगेश उपाध्याय ने भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। संविधान दिवस पर आयोजित भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार दिए। एनसीआर इंटर कालेज प्रधानाचार्य संगीता यादव ने संविधान की शपथ दिलाई। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला दत्त में प्रबंध समिति के अध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने संविधान की शपथ दिलाई।
शिकोहाबाद में बीडीएम कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्राचार्य डा. नीता सक्सेना ने बताया कि आज के दिन ही भारत का संविधान बना था। संविधान दिवस विषय पर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी एवं रोमा कुमारी द्वारा आकर्षक पोस्टर बनाए गए। मौके पर प्रीति सिंह, डा. माया गुप्ता, डा. अल्पना आदि शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।