खुले मैनहोल में गिरे मासूम की मौत
शहर की सर्विस रोड पर खुले मैनहोल ने मंगलवार को एक मासूम की मौत हो गई। हादसा के बाद लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। खुले मैनहोल के मामले को जागरण ने उठाया था, फिर भी निगम अधिकारी गंभीर नहीं हुए।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : शहर की सर्विस रोड पर खुले मैनहोल ने मंगलवार को एक मासूम की जान ले ली। पिता के साथ शादी में शरीक होने आए बच्चे के मेनहोल में गिरते ही अफरातफरी मच गई। नाले से बाहर निकालने के प्रयास हुए, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया।
दुर्गेश नगर निवासी उस्मान की बेटी की मंगलवार को शादी थी। सिरसागंज से बरात आई थी। सिरसागंज निवासी यूनिस छह वर्षीय बेटे के साथ यहां आए थे। शाम साढ़े सात बजे सर्विस रोड पर आया तसलीम खुले मेनहोल में गिर गया। चीख सुनकर आसपास के लोग पिता और अन्य बराती भी पहुंच गए। शादी में अफरातफरी मच गई। सर्विस रोड पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, नाले के तेज बहाव में बच्चा रसूलपुर की तरफ बह गया। क्षेत्रीयजनों की मदद से एक के बाद दूसरे मैनहोल से बच्चे की खोज की गई तो रसूलपुर के निकट बच्चा मिला। उसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। दुर्गेश नगर नैनी ग्लास के निकट क्षेत्रीयजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। लोगों में मैनहोल के ढक्कन न रखवाए जाने के कारण नगर निगम प्रशासन के खिलाफ गुस्साए लोगों की भीड़ हाईवे पर पहुंच गई तथा हंगामा शुरू कर दिया। थाना रामगढ़ एवं रसूलपुर का फोर्स मौके पर पहुंचा तथा लोगों को समझाकर हाईवे से हटाया।
---------
शव देख नम हो गई हर आंख :
छह वर्षीय तसलीम का शव एवं पिता का विलाप देख यहां मौजूद हर आंख नम हो गई। हर कोई नगर निगम प्रशासन को कोस रहा था कि शहर भर में मेनहोल खुले हुए हैं, लेकिन निगम प्रशासन एवं ठेकेदार की लापरवाही ने इस मासूम की जान ले ली।