शायर पर एसिड अटैक की घटना से साहित्य जगत में नाराजगी
शहर के प्रख्यात शायर हाशिम फीरोजाबादी पर हुए एसिड अटैक की वारदात से साहित्य जगत में नाराजगी छा गई है। कई शायरों ने इस मामले में डीएम से वार्ता कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शहर के प्रख्यात शायर हाशिम फीरोजाबादी के साथ हुई घटना को लेकर देश भर के साहित्य जगत में खलबली मच गई है। देश के नामचीन कवि और शायरों ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी ली। कुमार विश्वास ने डीएम से बात कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार रात छेड़खानी के विरोध में बस्ती के दबंगों ने उन पर तेजाब डाल दिया था। सुबह इसकी खबर साहित्य जगत में फैल गई। घटना के संबंध में शायर ने अपने साथियों के साथ डीएम से मुलाकात कर पूरा ब्यौरा दिया। दोपहर बाद हाशिम के घर पहुंचने वालों का तांता लग गया। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि घटना गंभीर है। कुमार विश्वास का फोन आया था, उन्होंने कहा कि हम कलाकार है और इस तरह की घटनाओं से साहित्य जगह को गहरा धक्का लगा है। डीएम ने बताया कि मैंने इस संबंध में एसएसपी से बात की है। आरोपितों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। जिस तरह की घटना है उतनी ही बड़ी कार्रवाई होगी।
- शायरी में बड़ा नाम है हाशिम
राही नगर शीतल खां निवासी हाशिम फीरोजाबादी शायरी के क्षेत्र में पिछले डेढ दशक से चर्चित नाम हैं। टीवी शो वाह-वाह क्या बात है में जाकर ख्याति हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा देश के नामचीन शायर और कवियों के साथ मंच साझा करते हैं।