जिले की सौ महिलाएं बनेंगी मिशन शक्ति की ताकत
अलग- अलग क्षेत्रों में परचम लहराने वाली महिलाएं खोज रहा प्रशासन -मिशन में मिलकर काम करेंगे 24 विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठन
फीरोजाबाद, जासं: महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए शुरू किए गए मिशन शक्ति को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिले की सौ ऐसी महिलाओं को रोल माडल बनाने का निर्णय लिया गया, जिन्होंने अलग- अलग क्षेत्र में खास मुकाम हासिल किया हो।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ नेहा जैन ने बताया कि इस अभियान से 24 सरकारी विभागों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़ा जा रहा है। हर महीने सात दिन तक विशेष अभियान चलेगा। जिले के सभी ब्लाक, ग्राम पंचायत, निकायों और थानों में जागरूकता परक कार्यक्रम होंगे। महिलाओं और बालिकाओं को निडर होकर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि शहर में प्रचार वाहनों से महिलाओं का जागरू करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। डीसी एनआरएलएम विकास कुरील ने विधिक जानकारी देने के लिए शिविर लगवाए जाएंगे। सीएमओ डा. नीता कुलश्रेष्ठ, सीओ इंदु प्रभा, डीपीओ आभा सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।