तालाब उफनाने से गरीबों के घरों में घुसा पानी
संवाद सूत्र असोथर हस्वा ब्लाक के रिठवां गांव से गुजरी ससुर खरेदी नदी के उफनाने के बाद त
संवाद सूत्र, असोथर : हस्वा ब्लाक के रिठवां गांव से गुजरी ससुर खरेदी नदी के उफनाने के बाद तालाब लबालब हो गया है। तालाब के उफनाने से गरीबों के घरों में पानी घुस गया है। चार दिन बीतने के बाद भी स्थानीय अफसरों ने कोई सुध नहीं ली है। जलभराव के चलते आबादी को जहरीले कीड़ों का डर सता रहा है।
रिठवां गांव के किनारे बाल्मीकि बिरादरी के लोग झोपड़ी और कच्चे मकान बनाकर रहते हैं। गांव के समीप से ससुर खरेदी नदी गुजरी है। बीते दिनों बरसात के चलते उफनाकर बही तो तालाब भी भर गया। तालाब भरने से गरीब परिवारों की शामत आ गयी। गहराई में आशियाने होने के चलते और पानी की निकासी न होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई। पीड़ित सौखीलाल, विदेशी, धुन्ना, रामराज का कहना है कि दिन भर सांप जैसे जहरीले कीड़े टहलते रहते हैं। शाम पहर चारपाई से नीचे उतरने में डर लगता है। दीपक जलाते ही बिच्छू घूमने लगते हैं। इससे डर के मारे शाम ढलते ही दीपक भी बुझाना पड़ता है। प्रधान हरबिलास सिंह ने बताया कि वास्तव में समस्या का अंत अभी तक नहीं हुआ है। जल निकासी के लिए कार्ययोजना बनाई गयी है। जल्द ही प्रभावितों को लाभ दिलाया जाएगा। महिला का घर गिरा, जीविकोपार्जन के लाले
सरकंडी खास की महिला सुरजी देवी का मकान ढह गया है। बरसात के बाद निकली धूप के चलते कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया है। समूची सामग्री दब कर नष्ट हो गयी है। जीविकोपार्जन के लिए लाले पड़ गए हैं। गांव वालों ने मदद के हाथ बढ़ाते हुए खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई है। वहीं ब्लाक प्रशासन को ग्रामीणों ने शिकायत की है।