दो पालियों में गिने जाएंगे वोट, 396 गणना मेजें हुईं तय
जागरण संवाददाता फतेहपुर मतदान संपन्न कराने के बाद प्रशासन ने अब मतगणना की तैयारी शुरू
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : मतदान संपन्न कराने के बाद प्रशासन ने अब मतगणना की तैयारी शुरू कर दी है। 13 ब्लाकों में मतगणना पूरी कराने को बुधवार के दिन 5760 कार्मिकों की ड्यूटी लगा दी गयी और ड्यूटी आदेश भी बंटने शुरू हो गए। उधर डीएम अपूर्वा ने मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण की रूप रेखा भी तय कर दी। गुरुवार व शुक्रवार को मतगणना कार्मिकों को मतगणना के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को 55 मास्टर ट्रेनर को जिला विद्यालय निरीक्षक व पिछड़ा वर्ग अधिकारी ने विकास भवन में ट्रेनिग देकर मतगणना प्रशिक्षण के लिए दक्ष किया।
दो मई को होने वाली मतगणना के लिए 12-12 घंटे की दो पालिया बनाई गयी है। जरूरत पड़ी तो तीन मई को सुबह आठ बजे से तीसरी पाली भी शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए हर न्याय पंचायत में तीन मेजें लगाई गयी हैं। इस प्रकार पूरे जिले में 396 मेजे मतगणना के लिए होंगी। इन्हीं मेजों पर पहली पाली और दूसरी पाली के कार्मिक गणना का कार्य पूरा करेंगे। मेजे न्याय पंचायतवार लगाई गयी है। हर न्याय पंचायत में तीन गणना मेजे होगी, और उनमें मतदान केंद्र के क्रम में ग्राम सभा की गणना का नंबर लगेगा। पहली पाली का स्टाफ सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक रहेगा, दूसरी पाली का स्टाफ रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक गणना करेगा। मतगणना ड्यूटी में महिला व संविदा कर्मी मुक्त
मतगणना के लिए कुल 5760 कार्मिकों को लगाया गया है। इस बार मतगणना ड्यूटी से महिलाओं व संविदा स्टाफ की ड्यूटी नहीं लगी। गणना सहायक व गणना पर्यवेक्षक की ड्यूटी में उन पुरूष कर्मचारियों को लगाया है गया है, जिनका ग्रेड पे 4800 से 5400 के बीच है। वहीं गणना पार्टी में एक-एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी को भी लगाया गया है। दो दिन दो पालियों में प्रशिक्षण
मतगणना में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गयी है। उनका प्रशिक्षण गुरुवार व शुक्रवार को दो पालियों में होगा। गुरुवार को पहली पाली दस बजे बाहर और दूसरी पाली एक बजे से तीन बजे तक होगी। इन दो पालियों में 3200 कार्मिकों को बुलाया गया है। इसी तरह शुक्रवार को भी दो पालियों में ढाई हजार कर्मचारियों को बुलाया गया है।