हर-हर बम-बम के जयकारों से गूंजे शिवालय
जागरण संवाददाता फतेहपुर सावन के तीसरे सोमवार पर भक्तों का रेला प्रमुख सिद्धपीठों पर भोर
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : सावन के तीसरे सोमवार पर भक्तों का रेला प्रमुख सिद्धपीठों पर भोर पहर से ही पहुंच गया। भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन को महिला, पुरुष और बच्चों में गजब का उत्साह व समर्पण देखने को मिला। भक्तों ने पुष्प, बेलपत्र, धतूरा समेत अन्य पूजन सामग्रियों के साथ जलाभिषेक किया। कई भक्तों ने तो दुग्धाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया।
शहर के वीआइपी रोड स्थित तांबेश्वर मंदिर सिद्धपीठ पर भोर पहर चार बजे से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। यहां पर भक्तों के अलावा दूरदराज ग्रामीणांचलों से बड़ी तादाद में भक्त पहुंचे। भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की पर्याप्त व्यवस्था करनी पड़ी। सभी भक्तों को कतारबद्ध कर दर्शन लाभ कराया गया। यहां पर महिला, पुरुष भक्तों की अलग-अलग कतारें लगवानी पड़ीं। कुछ ऐसी ही स्थिति जागेश्वर धाम, थवईश्वर धाम, भदबा के मठेश्वर मंदिर समेत अन्य छोटे-बड़े मंदिरों में भी देखने को मिली। बिदकी क्षेत्र के कस्बा स्थित डूड़ेश्वर, गूढ़ेश्वर चांदपुर, श्री सिद्धेश्वर लालपुर, राजराजेश्वर मंदिर जहानाबाद, भर्थरेश्वर गहरूखेड़ा में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। खागा क्षेत्र के कूड़ेश्वर महादेव मंदिर मझिलगांव, मोटे महादेव मंदिर किशुनपुर, आधेश्वर महादेव मंदिर सिलरहा, फतेहश्वर महादेव मंदिर शाहीपुर, मनकामनरेश्वर महादेव मंदिर तेहीपारा हथगाम, शिव मंदिर नौबस्ता गंगा घाट, शिवाला पट्टी शाह, शिव मंदिर खखरेड़ू में आस्था व भक्ति का विहंगम संगम देखने को मिला। मंदिरों और घरों में हुआ रुद्राभिषेक
यूं तो सावन के महीने में घरों व मंदिरों में रुद्राभिषेक का सिलसिला चलता रहता है। सावन सोमवार में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व व महात्म्य बताया जाता है। हसवा कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। यहां पर ब्लाक प्रमुख विकास पासवान, पूर्व प्रमुख अक्षय लोधी के अलावा अन्य गणमान्य लोग रहे। इसके अलावा अन्य शिव मंदिरों में भी भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। मेले का उठाया लुत्फ, महिलाओं ने की खरीदारी
सिद्धपीठ श्री तांबेश्वर मंदिर पर लगे मेले का बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। बच्चों ने गोलगप्पे खाए तो खिलौनों के लिए मचलते रहे। वहीं महिलाओं ने घर-गृहस्थी के सामानों की जमकर खरीदारी की। इसी प्रकार जागेश्वर, थवईश्वर समेत अन्य मंदिरों पर मेले में खरीदारी करने के लिए लोग बड़ी तादाद में लोग पहुंचे।