घर आए रिश्तेदारों ने ईंट से कूचकर की वृद्ध की हत्या
संसू जाफरगंज (फतेहपुर) थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में एक मुकदमे की पैरवी करने की र
संसू, जाफरगंज (फतेहपुर) : थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में एक मुकदमे की पैरवी करने की रंजिश में रिश्तेदारों ने शुक्रवार देर रात वृद्ध पर ईंट से प्रहार कर बुरी तरह घायल कर दिया। जानकारी होने पर स्वजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात से पहले रिश्तेदारों ने वृद्ध के साथ खाना खाया था। वहीं, दिवंगत की पत्नी ने फरार दोनों रिश्तेदारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
जाफरगंज के भारतपुर गांव निवासी बृजेश निषाद और दिनेश समसपुर गांव निवासी 55 वर्षीय रिश्तेदार मन्नीलाल निषाद के घर पहुंचे। यहां पर खाना खाने के बाद मन्नी लाल को झांसे से गांव के बाहर तक ले आए। कंपोजिट विद्यालय के पास दोनों ने वृद्ध को पकड़ कर मुंह व सिर पर ईंटों से वार किए। रिश्तेदार मरा समझकर भाग निकले। रात 11 बजे वृद्ध के कराहने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे।
शनिवार को शव लेकर थाने पहुंचे स्वजन
शनिवार सुबह स्वजन मन्नीलाल का शव लेकर थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि, पुलिस ने वृद्ध की पत्नी चंद्रवती की तहरीर पर दोनों फरार रिश्तेदार बृजेश निषाद व दिनेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। हमलावर बृजेश के पिता को हिरासत में लिया गया है।
पत्नी को भगाने वाले की करता था पैरवी
दिवंगत की पत्नी चंद्रवती ने बताया आरोपित ब्रजेश की पत्नी गांव के ही सजातीय युवक के साथ छह अक्टूबर 2021 को चली गई थी। जिसका मुकदमा चल रहा है। इस मुकदमे में उसके पति मन्नीलाल भगाने वाले युवक की ओर से पैरवी कर रहे थे। इसी को लेकर ब्रजेश निषाद रंजिश मानता चला आ रहा था। इसी के चलते साजिश रचकर पति की हत्या कर दी।
कचहरी में सुलह को मन्नीलाल ने कहा था
शुक्रवार को फतेहपुर में मुकदमें की तारीख पर ब्रजेश निषाद कचहरी गया था। वहां पर उसकी पत्नी से उसका विवाद भी हुआ था। वहां मन्नीलाल भी पैरवी में गया था। मन्नीलाल ने मामले को सुलह कराने की बात कही थी। जिससे बृजेश और नाराज हो गया था। पुलिस भी घटना के पीछे इसी रंजिश को मान कर चल रही है।
परदेश में हैं दिवंगत के चारों पुत्र
समसपुर गांव निवासी वृद्ध मन्नी लाल निषाद के चार पुत्र हैं। इसमें सत्यभान व सूरजभान गोवा व इंद्रभान व उदय भान कर्नाटक में रहते हैं। वृद्ध के पुत्रों को घटना की सूचना दे दी गई है, जो वहां से चल दिए हैं।