आत्म निर्भर किसान चौपाल में मंत्री ने सुनी समस्याएं
संवाद सूत्र बकेवर/औंग प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कारागार जय कुमार सिंह जैकी ने खरौली
संवाद सूत्र, बकेवर/औंग : प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कारागार जय कुमार सिंह जैकी ने खरौली व मिराईं गांव में आत्म निर्भर किसान चौपाल में किसानों की समस्याएं सुनीं। किसान सम्मान निधि न मिलने, राशन कार्ड से यूनिट काटे जाने, हैंडपंप खराब होने जैसी समस्याएं आईं। इस पर मंत्री ने निस्तारण के लिए मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया।
मिराई व खरौली गांव के जय बहादुर सिंह व राम सिंह ने चौपाल कार्यक्रम में कारागार मंत्री जय कुमार सिंह जैकी के समक्ष किसान सम्मान निधि न मिलने की बात उठाई। इस पर अन्य कई किसान भी चौपाल में उठ खड़े हुए। किसानों ने कहाकि उनको किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मिराई गांव के अमर बहादुर ने कहा कि राशन कार्ड ने यूनिट काट दिए गए हैं। इसके अलावा जितेंद्र सिंह ने नाली से पानी न निकलने की समस्या बताई। पिटू सिंह ने प्राथमिक विद्यालय खरौली में लगे हैंडपंप से बदबूदार गंदा पानी निकलने की समस्या उठाई। गोपालपुरी गांव के दिव्यांग दंपती भीष्म व सुदामा ने 6 बिस्वा भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत कर न्याय की मांग की। भीष्म ने बताया कि जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर थाने गया तो उसे पुलिस ने दबंगों के प्रभाव में आकर बिठा लिया। वयोवृद्ध किसान हिमांचल सिंह, श्यामलाल, राम प्रकाश, कालिका, शिव बहादुर, सुल्लू, मनमोहन सिंह व कुशलपाल को कारागार मंत्री ने सम्मानित किया। कारागार मंत्री ने कहाकि किसानों को विपक्षी दल गुमराह कर रहे हैं। कृषि बिल किसानों के हित में है। समस्याओं के निस्तारण के लिए गांव में 480 शिविर लगाने थे, पर कोरोना के कारण सौ कैंप ही लगाए गए हैं। एआरओ मनोज उत्तम, खंड विकास अधिकारी देवमई पारुल कटियार के अलावा किसान मौजूद रहे। इसके बाद विकास खंड देवमई के टिकरा गांव में बने पंचायत भवन व सामुदायिक भवन का कारागार राज्यमंत्री ने लोकार्पण किया।