खजुहा रजबहा में खांदी, बरिगवां सहित दो गांव में घुसा पानी
संवाद सूत्र बकेवर खजुहा रजबहा में एक सप्ताह पहले कटी खांदी से पानी बह रहा है। सिचाई
संवाद सूत्र, बकेवर : खजुहा रजबहा में एक सप्ताह पहले कटी खांदी से पानी बह रहा है। सिचाई विभाग इस खांदी से बेखबर है। उधर दो गांव में पानी घुस गया है। बकेवर से दिलावपुर को जाने वाली सड़क पर भी पानी पहुंचने से आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ रही है।
एक सप्ताह पूर्व देवमई ब्लाक के खजुहा रजबहा में बुधवार को बरिगवां गांव के पास खांदी कट गई। इससे बकेवर से दिलावलपुर जाने वाली सड़क तक पानी आ गया। बरिगंवा व रसूलपुर गांव की गलियों में पानी भर गया। इसके अलावा तीन गांव जगदीशपुर, बरिगवां व रसूलपुर गांव की दो सौ बीघे खेत जलमग्न हो गए हैं। बरिगवां निवासी सुशील अवस्थी ने बताया कि एक सप्ताह से रजबहे में पानी बह रहा है। सूचना के बाद भी विभागीय अधिकारियों ने खांदी बंद नहीं कराई है। इससे पानी की बर्बादी हो रही है। अब नहर का जल स्तर बढ़ने के साथ ही खांदी से पानी तेजी से निकलने लगा है। इससे गांव के अंदर गलियों तक पानी पहुंच गया है। रसूलपुर के रमेश प्रजापति ने बताया कि रजबहे का पानी मंगलवार को गांव के अंदर घुसा है। अब तो दरवाजे तक भी पहुंच गया है। उधर खेत जलमग्न हो गए हैं।
बंद कराई जाएगी खांदी
सिचाई विभाग के अवर अभियंता राम सुकन पटेल ने बताया कि खांदी कटने की जानकारी मिली है। खांदी बंद कराने के लिए ठेकेदार से बात की गई है। ठेकेदार ने काम करने का भरोसा दिया है। नगर में पानी भी कम चल रहा था। खांदी को बंद कराया जाएगा।