औंधे मुंह गिरी कूड़ा कलेक्शन योजना, जगह-जगह गंदगी के ढेर
जागरण संवाददाता फतेहपुर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए करीब छह माह पूर्व नगर पालिका के
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : शहर को स्वच्छ बनाने के लिए करीब छह माह पूर्व नगर पालिका के द्वारा कूड़ा कलेक्शन योजना बनाई गई। उद्देश्य लोगों के घरों का कूड़ा उनके घर से ही लिया जाए। ताकि सड़क पर किसी भी प्रकार की गंदगी न हो। मगर ये व्यवस्था पूरी तरह धराशायी हो गई है। ऐसी कोई भी गली या चौराहा नहीं जहां कूड़े के ढ़ेर न देखे जा सकते हों। गंदगी का आलम ये है कि लोग गलियों के नुक्कड़ पर कूड़ा फेंक दे रहे हैं या फिर खाली पड़े प्लाटों पर एक बार फिर कूड़े के ढेर लग गए हैं। कूड़ा कलेक्शन का काम एक निजी संस्था को सौंपा गया। संस्था घरेलू उपभोक्ताओं से 50 रुपये, छोटे व्यावसायिक सौ रुपये व बड़े व्यवासायिक उपभोक्ताओं से पांच रुपये प्रतिमाह शुल्क लेती थी। वहीं, मैरिज लॉन व गेस्ट हाउस से पांच सौ रुपये प्रति बुकिग शुल्क लिया जा रहा है। पहले सप्ताह में महज एक या दो बार ही कूड़ा कलेक्शन के लिए कर्मचारी आते थे। लेकिन, इधर करीब एक पखवारे से कोई कर्मचारी नहीं आया है, जिससे कूड़ा निस्तारण में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- मो. नूर
कूड़ा डालने के लिए रखे गए कूड़ेदान हटा दिए गए हैं। जो गाड़ी कूड़ा लेने आती है वह भी सप्ताह में एक या दो बार ही आती है। इधर कई दिनों से आई ही नहीं है। ऐसे में कूड़ा मजबूरी में सड़क पर फेंका जाता है।
गोपाल श्रीवास्तव
जब घर-घर कूड़ा का उठान संभव नहीं था तो डस्टबिन क्यों हटा दिये हैं। अब तो कूड़ा सड़क पर ही फेंकना पड़ता है या फिर आसपास के खाली पड़े प्लाटों पर डालना पड़ता है।
कुशलचंद्र सोनी घर-घर कूड़ा कलेक्शन के लिए रिक्शा लेकर कर्मचारी आता था, पहले भी सप्ताह में एक या फिर दो बार ही आता था, इधर तो कई दिनों से कोई कर्मचारी नहीं आया। ऐसे में आसपास के प्लाटों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं।
- होरीलाल तिवारी
नगर पालिका ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए डोर-टूृ-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान चलाया हुआ है। इसमें जो भी कमियां आ रही हैं उनका जल्द ही निस्तारण किया जाएगा। अगर ठेकेदार कूड़ा नहीं उठा रहा तो उस पर कार्रवाई भी होगी।
- मीरा सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका