छिवलहा क्षेत्र में बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान
संवाद सूत्र हथगाम छिवलहा क्षेत्र के उपभोक्ता बदहाल बिजली आपूर्ति से परेशान हैं। लोकल फाल्ट
संवाद सूत्र, हथगाम: छिवलहा क्षेत्र के उपभोक्ता बदहाल बिजली आपूर्ति से परेशान हैं। लोकल फाल्ट व जर्जर संसाधनों की वजह से आए दिन आपूर्ति गुल रहती है। व्यापार मंडल पदाधिकारी व क्षेत्रीय उपभोक्ता बिजली कटौती के खिलाफ आक्रोशित हैं।
व्यापारियों का कहना था मामूली फाल्ट सुधारने में विभागीय कर्मचारी 24 घंटे तक आपूर्ति बंद रखते हैं। पलिया पावर हाउस से संचालित छिवलहा, नवाबगंज, गौरा, दरियापुर, दुदौली, चंपतपुर, सियाड़ी आदि दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति रोस्टर के मुताबिक मिल पाना सपना बना हुआ है। व्यापारी नेता कमलेश गुप्त का कहना था जर्जर तारों पर क्षेत्र की विद्युत सप्लाई टिकी हुई है। आलम यह है कि थोड़ी सी भी हवा चलने पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती है। कई बार पूरे दिन बिजली बंद रखी जाती है। सोमवार शाम चली तेज हवाओं के बाद पलिया पावर हाउस के पोषक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। व्यापारी मो. आजम का कहना था अधिकारियों को समस्या पता होने के बावजूद उसका स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता है। व्यापार मंडल संरक्षक जसवंत यादव का कहना था पूर्व की अपेक्षा डेढ़ गुना अधिक राजस्व देने के बाद भी बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ता है। अवर अभियंता चंद्रभूषण ने कहा कि जर्जर तारों को बदलने के लिए सर्वे चल रहा था। लॉकडाउन की वजह से काम ठप पड़ गया था। जैसे ही नए तार व संसाधन उपलब्ध होते हैं, बदलकर आपूर्ति को और दुरूस्त किया जाएगा।