वट वृक्ष की परिक्रमा कर मांगा अक्षय सुहाग
जागरण टीम फतेहपुर पति की लंबी आयु के लिए गुरुवार को महिलाओं ने बरगद के पेड़ के नी
जागरण टीम, फतेहपुर : पति की लंबी आयु के लिए गुरुवार को महिलाओं ने बरगद के पेड़ के नीचे वट सावित्री की पूजा कर पति के लंबी उम्र की कामना की। कोरोना संक्रमण के दौर में महिलाओं ने वट वृक्ष की टहनी को वृक्ष का प्रतिरूप मानकर यम देव से पति की दीर्घायु, सेहत व परिवार के सुख, शांति व उन्नति का वरदान मांगा। इस अवसर पर महिलाओं ने सावित्री व सत्यवान की कथा सुन सुहागन महिलाओं को दान दिया।
सुहागिन महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद व्रत का संकल्प लिया और वट वृक्ष की पूजा के बाद सावित्री व सत्यवान की कथा सुनी। यम देवता से परिवार की सलामती व सुख समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने घर पर ही मीठे बरगद बनाए और फूल, फल, धागा समेत अन्य पूजन सामग्री के साथ पूजा की। हालांकि, इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से बरगद पेड़ के नीचे बहुत अधिक भीड़ तो देखने को नहीं मिली। ऐसे में महिलाओं ने वट वृक्ष की टहनी को ही वृक्ष के प्रतिरूप में पूजा की। खागा नगर समेत त्रिलोचनपुर, सिठियानी, टेसाही, टेनी, सवंत, विजयीपुर, किशुनपुर, गढ़ा खास आदि गांवों में सुबह से ही महिलाएं वट वृक्ष की पूजा के लिए अपनी बारी के इंतजार में रहीं। संवत गांव में हनुमान मंदिर जाने वाले रास्ते पर वट सावित्री पूजा में शामिल महिलाओं खुशबू तिवारी, सुनीता, सुभद्रा तिवारी, सुशीला अवस्थी, रीना तिवारी, रश्मि आदि ने बताया कि यह त्योहार उनकी आस्था से जुड़ा है। वट वृक्ष की पूजा करते हुए महिलाओं ने 108 फेरे लगाकर परिक्रमा की। ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि इस दिन वट वृक्ष की पूजा करने के बाद ही सुहागिनें अन्न-जल ग्रहण करती हैं।