मां-बेटियों पर ऊपर ढही ईंट की दीवार, तीनों घायल
संवाद सूत्र किशुनपुर थाना क्षेत्र के अंजना भैरो गांव में शुक्रवार रात चारपाई पर सो रही मां
संवाद सूत्र, किशुनपुर: थाना क्षेत्र के अंजना भैरो गांव में शुक्रवार रात चारपाई पर सो रही मां व उनकी दो बेटियों के ऊपर ईंट की पक्की दीवार ढह गई। तीनों लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। सीएचसी खागा से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव के रहने वाले देवराज पाल के मकान में शुक्रवार रात पत्नी 35 वर्षीय सुनैना देवी, दोनों बेटियों 12 वर्षीय मोनी और नौ वर्षीय सोनी के साथ लेटी थी। परिवार के दूसरे सदस्य अलग बरामदे में सो रहे थे। देर रात जिस कमरे में मां व उनकी बेटियां लेटी थी, उसकी पक्की दीवार ढह गई, जिसके मलवे के नीचे मां व दोनों बच्चियां दब गए। दीवार गिरने के साथ ही हुई तेज आवाज व बच्चियों का शोर सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से मलबे के नीचे से महिला व उनकी दोनों बेटियों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल ही एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया। भोर पहर एंबुलेंस से घायलों को स्वजन खागा सीएचसी लेकर आए। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर चोट के चलते चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में 12 वर्षीय मोनी देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पाकर क्षेत्रीय लेखपाल व पुलिस फोर्स गांव पहुंचा। राजस्व कर्मियों ने हादसे की रिपोर्ट तैयार करके तहसील प्रशासन को दी है।