तीन वर्ष बाद 148 होमगार्डों को मिली वर्दी
जागरण संवाददाता फतेहपुर जिले में कार्यरत 950 होमगार्ड जवानों में 148 को वर्दी के लिए शास
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : जिले में कार्यरत 950 होमगार्ड जवानों में 148 को वर्दी के लिए शासन ने धनराशि अवमुक्त कर दी है। पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड) विजय कुमार के निर्देश पर स्थानीय विभाग ने जवानों के खातों में तीन-तीन हजार रुपये के हिसाब से धनराशि भेज दी है। अन्य 792 जवान अब दूसरी किस्त आने का इंतजार कर रहे हैं।
जिले में 1432 होमगार्ड जवानों की जगह 950 जवान प्रशासनिक अफसर, जिला अस्पताल, थाना, कोतवाली, कारागार, यातायात विभाग, कलेक्ट्रेट आदि जगहों पर ड्यूटीरत हैं। इसमें 32 महिला जवानों की जगह करीब 17 जवान ड्यूटीरत हैं। इन्हें प्रतिदिन 702 रुपये के हिसाब से पारिश्रमिक मिल रहा है। इन जवानों को पहले वर्दी सिलवाने के लिए कपड़ा व जूता मिलता था, लेकिन इस बार पहली बार वर्दी के लिए रुपये अवमुक्त हुआ है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स अर्जुन प्रसाद सिंह ने कहा, जिन जवानों के खातों में धनराशि भेज दी गई है उनसे कपड़ा, जूता खरीदने से लेकर सिलाई की रसीद मांगी गई है। जवानों की स्थिति पर एक नजर
कुलपद - 1432
कार्यरत - 950
महिलाओं के पद - 32
कार्यरत महिलाएं - 17
पारिश्रमिक : 702 रुपये प्रतिदिन
रिक्त पुरूष - 478
रिक्त महिला - 15