विश्व एड्स दिवस : बने चरित्रवान, होगा एड्स का स्वत: निदान
संवाद सहयोगी कायमगंज विश्व एड्स दिवस पर यज्ञ कर योगाचार्य श्रद्धानंद ने सामाजिक कार्यकर्ताओं क
संवाद सहयोगी, कायमगंज : विश्व एड्स दिवस पर यज्ञ कर योगाचार्य श्रद्धानंद ने सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एड्स के प्रति जागरूकता की अलख जगायी। 'एड्स से जंग, ब्रह्मचर्य के संग व बने चरित्रवान-होगा एड्स का स्वत: निदान' जैसे नारों का उद्घोष किया।
कोरोना संकट के कारण इस बार विश्व एड्स दिवस रैली नहीं निकाली गई। विगत कई वर्षों से रैली के आयोजक रहे योगाचार्य श्रद्धानंद ने जटवारा लिक रोड स्थित कायमगंज गैस एजेंसी प्रतिष्ठान परिसर पर यज्ञ किया व अपने जागरूकता संदेश में कहा कि एड्स से बचाव के लिए अश्लील प्रचार करना व्यभिचार का पोषक व सामाजिक अपराध को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि अश्लील प्रचार की जगह ब्रह्मचर्य के साथ एक दूसरे के प्रति पवित्र व्यवहार की शिक्षा दी जानी चाहिए। इस दौरान सत्यप्रकाश गुप्ता, सोनू यादव, परदेशी लाल आदि मौजूद रहे।
पॉजिटिव महिलाओं को दी गई पोषण सामग्री
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराने आए लोगों को एड्स और कोरोना को लेकर जागरूक किया गया। उन्हें बचाव के बारे में बताया गया। वहीं डॉ. राम मनोहर लोहिया महिला अस्पताल में एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं को पोषण सामग्री वितरित की गई।
सिविल अस्पताल लिजीगंज, मोहम्मदाबाद, कमालगंज, राजेपुर में स्टाल लगाकर मरीजों को एड्स के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें लक्षण और बचाव के बारे में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया। उधर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में स्वयंसेवी संस्थाओं ने एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं को पोषण सामग्री में चावल, आटा, अरहर दाल, वनस्पति तेल, नमक, शक्कर, बिस्किट, चाय व सुरक्षा किट वितरित की गई। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दलवीर सिंह ने बताया कि एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं की रोग प्रतिरोधिक क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें पोषण सामग्री वितरित की गई है। इसके अलावा कोरोना से बचाव को देखते हुए महिलाओं को मास्क, सैनिटाइजर आदि सामग्री दी गई है। उन्होंने बताया कि 2017 से अब तक 40 गर्भवती महिलाएं एचआइवी पॉजिटिव निकली हैं। इस दौरान महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. कैलाश दुल्हानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कंचन बाला आदि मौजूद रहे।