प्रधान समेत दो का शांतिभंग में चालान
संवाद सूत्र नवाबगंज लॉकडाउन में काम बंद होने से 25 मई को नोएडा से आए लोगों का घर में
संवाद सूत्र, नवाबगंज : लॉकडाउन में काम बंद होने से 25 मई को नोएडा से आए लोगों का घर में रुकने का प्रधान व उनके साथियों ने विरोध किया था। इस पर विवाद हो गया था। पुलिस ने इस मामले में प्रधान समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम प्रधान समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया।
ग्राम सलेमपुर त्यौरी निवासी अब्बल हसन नोएडा से 25 मई को रोडवेज बस से घर आए। अब्बल हसन को एसकेएम इंटर कॉलेज क्वारंटाइन सेंटर में रोका गया। जांच के बाद उनको राशन किट देकर घर भेज दिया। अब्बल हसन के घर आने की जानकारी पर प्रधान प्रमोद कुमार व उनके साथियों ने स्वजनों से उनके गांव में रहने पर आपत्ति की। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दारोगा जितेंद्र कुमार से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। अब्बल हसन के पुत्र एवन अली की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान प्रमोद कुमार, विनोद कुमार व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ गाली गलौज, जान माल की धमकी व लॉकडाउन के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रमोद व विनोद को गिरफ्तार कर शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।